राजस्थान पंचायत चुनाव: आज साफ होगी तारीखों की तस्वीर, दोपहर 3 बजे आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राजस्थान में पंचायत चुनाव की तारीखों का आज ऐलान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। करीब 1.69 लाख जनप्रतिनिधियों के चुनाव की तस्वीर साफ होगी।
विस्तार
राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर आज तस्वीर साफ हो सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसमें पंचायत चुनाव के कार्यक्रम और तारीखों को लेकर घोषणा होने की उम्मीद है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दोपहर 3 बजे आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस शनिवार को दोपहर 3 बजे पंचायती राज सभागार, विकास खंड, शासन सचिवालय, जयपुर में होगी। इसमें मतदान के चरण, तारीखें, नामांकन, मतदान और मतगणना से जुड़ी समय-सारिणी सामने आ सकती है।
प्रदेश में सितंबर में 309 नगरीय निकायों की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों का फोकस पंचायत चुनाव पर है। निकाय चुनाव में 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव भी पूरे हो चुके हैं।
गांवों की सरकार के लिए बड़ा चुनाव
पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायतों के साथ पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव भी होंगे। ऐसे में शनिवार को होने वाली आयोग की घोषणा पर राजनीतिक दलों, संभावित उम्मीदवारों और ग्रामीण क्षेत्रों की नजरें टिकी हैं।
यह भी पढें- राजस्थान में पंचायत चुनाव का एलान कल: चार चरण में मतदान, छह तक जारी हो सकती है अधिसूचना
चुनाव कार्यक्रम का इंतजार खत्म होने की उम्मीद
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया समय पर पूरी कराने की तैयारियां पहले से चल रही हैं। पंचायत क्षेत्रों की सीमाओं और आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव कार्यक्रम जारी होना बाकी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि मतदान कितने चरणों में होगा और नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया किस समय सीमा में पूरी की जाएगी।
1.69 लाख से ज्यादा जनप्रतिनिधि चुनेंगे ग्रामीण जनता
पंचायतीराज चुनाव में करीब 1.69 लाख जनप्रतिनिधियों का चुनाव होना है। इनमें 1,403 जिला परिषद सदस्य और 8,245 पंचायत समिति सदस्य शामिल हैं। इन्हीं सदस्यों के जरिए प्रदेश में 41 जिला प्रमुख और 457 पंचायत समिति प्रधान चुने जाएंगे।