RJ LS Polls: राजस्थान की 13 सीटों पर वोटिंग से पहले बीजेपी से राजपूत नाराज, कई सीटों पर बढ़ा खतरा
राजस्थान की बची हुई 13 सीटों पर 26 अप्रैल को वोटिंग होने जा रही है। लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान हो गया है। इनमें से कुछ सीटों पर बीजेपी से राजपूत समाज नाराज चल रहा है। पहले कैबिनेट मंत्री का वीडियो वायरल हुआ, अब इस मामले पर मानवेंद्र सिंह ने सफाई दी है।
विस्तार
राजस्थान के पहले चरण के चुनावों में कम वोटिंग को लेकर बीजेपी पहले ही चिंता में है। अब राजपूतों की नाराजगी के फैक्टर ने पार्टी की परेशानी और बढ़ा दी है। राजपूतों की नाराजगी की बात कोई और नहीं कर रहा, खुद बीजेपी के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह कह रहे हैं।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर खींवसर का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह यह कहते सुनाई दिए कि इस बार जो मतदान हुआ है, वह बीजेपी के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। क्योंकि अपन लोगों ने मतदान भी नहीं किया है। हमारी नागौर लोकसभा सीट बीजेपी के हाथों से गई। पास ही खड़े कार्यकर्ता ने कहा, गई नहीं मंत्री जी...आगे मंत्री जी ठोकते हुए कहते हैं, कह रहे हैं अरे भाई हमने वोट ही नहीं किया और तो और हमारे राजपूत समाज के लोगों ने घरों से बाहर निकलकर मतदान भी नहीं किया। हालांकि, बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म से डीलिट करवा दिया गया। लेकिन तब तक यह काफी ज्यादा वायरल हो चुका था।
वहीं, दूसरी तरफ बाड़मेर सीट पर राजपूत वोटरों को साधने के लिए पार्टी में शामिल किए गए पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह ने भी एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि राजपूत वोटर्स में गुजरात के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता पुरुषोत्तम रूपाला के बयान को लेकर नाराजगी है। यही नहीं मानवेंद्र ने कहा कि राजपूतों को मनाने के लिए उनके पास कोई जादू की छड़ी नहीं है।
राजपूत वोटर परंपरागत रूप से बीजेपी का वोट माना जाता है। लेकिन यदि इस वर्ग में नाराजगी है तो बीजेपी को दूसरे चरण के चुनावों में कई सीटों पर बड़ा खतरा है। दूसरे चरण के लिए राजस्थान में कल जिन 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें बाड़मेर-जैसलमेर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और कोटा भी शामिल है। इन सीटों पर राजपूत वोटरों की तादाद काफी ज्यादा है।
किन सीटों पर होगी वोटिंग
-
टोंक-सवाई माधोपुर
-
अजमेर
-
जोधपुर
-
पाली
-
बाड़मेर
-
जालौर
-
उदयपुर
-
बांसवाड़ा
-
चित्तौड़गढ़
-
राजसमंद
-
भीलवाड़ा
-
कोटा
-
झालावाड़-बारां
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में किसने किसको दी थी मात
-
बाड़मेर-जैसलमेर सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी कैलाश चौधरी ने कांग्रेस के विरोधी मानवेंद्र सिंह को 3,23,808 वोटों के अंतर से हराया था। इस चुनाव में चौधरी को 8,46,526 वोट मिले थे, जबकि मानवेंद्र सिंह को केवल 5,22,718 वोट प्राप्त हुए थे।
-
भीलवाड़ा सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार सुभाष चंद्र बहेड़िया ने कांग्रेस के विरोधी रामपाल शर्मा को 6,12,000 वोटों के अंतर से हराया था। बहेड़िया को 9,38,160 वोट मिले थे। जबकि रामपाल शर्मा को केवल 3,26,160 वोट प्राप्त हुए।
-
चित्तौड़गढ़ सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार चंद्रप्रकाश जोशी ने कांग्रेस के विरोधी गोपाल सिंह शेखावत को 5,76,247 वोटों के अंतर से हराया था। जोशी को 9,82,942 वोट मिले थे, जबकि शेखावत को केवल 4,06,695 वोट प्राप्त हुए थे।
-
जालौर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार देवजी पटेल ने कांग्रेस के विरोधी रतन देवासी को 2,61,110 वोटों के अंतर से हराया था। पटेल को 7,72,833 वोट मिले। जबकि देवासी को केवल 5,11,723 वोट प्राप्त हुए थे।
-
झालावाड़-बारां सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार दुष्यंत सिंह ने कांग्रेस के विरोधी प्रमोद शर्मा को 4,53,928 वोटों के अंतर से परास्त किया था। दुष्यंत सिंह को 8,87,400 वोट मिले। जबकि प्रमोद शर्मा को 4,33,472 वोट प्राप्त हुए थे।
-
जोधपुर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के विरोधी वैभव गहलोत को 2,74,440 वोटों के अंतर से हराया। शेखावत को 7,88,888 वोट मिले, जबकि गहलोत को केवल 5,14,448 वोट प्राप्त हुए थे।
-
पाली सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार पीपी चौधरी ने कांग्रेस के विरोधी बद्री जाखड़ को 4,81,597 वोटों के अंतर से हराया था। चौधरी को 9,00,149 वोट मिले। जबकि जाखड़ को 4,18,552 वोट प्राप्त हुए थे।
-
राजसमंद सीट पर बीजेपी की उम्मीदवार दीया कुमारी ने कांग्रेस के विरोधी देवकीनंदन काका को 5,51,916 वोटों के अंतर से हराया था। दीया को 8,63,039 वोट मिले, जबकि देवकीनंदन काका को 3,11,123 वोट प्राप्त हुए थे।
-
टोंक-सवाई माधोपुर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने कांग्रेस के विरोधी नमोनारायण को 1,11,291 वोटों के अंतर से हराया था। जौनपुरिया को 6,44,319 वोट मिले, जबकि नमोनारायण को 5,33,028 वोट प्राप्त हुए थे।
-
उदयपुर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार अर्जुनलाल मीणा ने कांग्रेस के विरोधी रघुवीर सिंह मीणा को 4,37,914 वोटों के अंतर से हराया था। अर्जुनलाल को 8,71,548 वोट मिले। जबकि रघुवीर सिंह को 4,33,634 वोट प्राप्त हुए थे।
-
कोटा सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार ओम बिरला ने कांग्रेस के विरोधी रामनारायण मीणा को 2,79,677 वोटों के अंतर से हराया था। बिरला को 8,00,051 वोट मिले, जबकि मीणा को 5,20,374 वोट प्राप्त हुए थे।
-
अजमेर सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार भागीरथ चौधरी ने कांग्रेस के प्रतियोगी रिजु झुनझुनवाला को 4,16,424 वोटों के अंतर से परास्त किया था। चौधरी को 8,15,076 वोट मिले। जबकि झुनझुनवाला को केवल 3,98,652 वोट प्राप्त हुए थे।
-
बांसवाड़ा सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार कनकमल कटारा ने कांग्रेस के विरोधी ताराचंद भगोरा को 3,05,464 वोटों के अंतर से परास्त किया था। कटारा को 7,11,709 वोट मिले, जबकि भगोरा को 4,06,245 वोट प्राप्त हुए थे।