राजस्थान: डेयरी चुनावों का बदलेगा गणित, 1800 लीटर से कम दूध देने वाली समितियों का वोटिंग अधिकार खत्म होगा
एक साल पुरानी सदस्यता की शर्त हटाने की तैयारी, नए सदस्य भी डाल सकेंगे वोट; दूध सप्लाई और ऑडिट की शर्तें होंगी सख्त, अध्यक्ष के साथ अब चुना जाएगा उपाध्यक्ष भी
विस्तार
राजस्थान के डेयरी सहकारी संघों की राजनीति में बड़े बदलाव की तैयारी है। अब तक डेयरी संघों में राजनीतिक रसूख और समर्थकों के दम पर चुनावी गणित बनाने वाले नेताओं के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। सहकारिता विभाग ने डेयरी संघों के चुनाव और मतदान के अधिकार से जुड़े नियमों में बदलाव का खाका तैयार किया है। इसके तहत दूध की नियमित सप्लाई नहीं करने वाली समितियों का वोटिंग अधिकार खत्म करने और नए सदस्यों को तत्काल मतदान का अधिकार देने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, किसी प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति को पिछले वित्त वर्ष में कम से कम 180 दिन तक जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ को दूध की सप्लाई करनी होगी। इस अवधि में कुल सप्लाई कम से कम 1800 लीटर होनी जरूरी होगी। इन दोनों शर्तों को पूरा नहीं करने वाली समितियों को संचालक मंडल के चुनाव के लिए बुलाई गई आमसभा में वोट देने का अधिकार नहीं मिलेगा।
इस बदलाव का असर डेयरी संघों के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। जिन समितियों के माध्यम से अब तक नेता अपना समर्थन जुटाते रहे हैं, उनमें से कई की मतदान की पात्रता खत्म हो सकती है। वहीं, एक साल पुरानी सदस्यता की अनिवार्यता हटने से नए सदस्यों को भी चुनाव में भाग लेने का मौका मिलेगा।
रजिस्ट्रार भी नहीं दे सकेंगे दूध सप्लाई की शर्त में छूट
सहकारिता विभाग ने राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम, 2001 की धारा 11 के तहत जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों के बायलॉज में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की है। अभी दूध सप्लाई की निर्धारित शर्त पूरी नहीं करने वाली समितियों को कुछ परिस्थितियों में राहत देने का अधिकार सहकारी रजिस्ट्रार के पास है।
मौजूदा व्यवस्था में प्राकृतिक आपदा या समिति के नियंत्रण से बाहर के दूसरे कारणों से दूध सप्लाई की शर्त पूरी नहीं होने पर रजिस्ट्रार छूट दे सकता है। प्रस्तावित बदलाव में यह राहत देने का प्रावधान हटाया जा रहा है। यानी 180 दिन और 1800 लीटर की निर्धारित शर्त पूरी नहीं करने वाली समिति को चुनाव में वोटिंग का अधिकार नहीं मिलेगा।
एक साल पुरानी सदस्यता की शर्त हटेगी, नए सदस्य भी कर सकेंगे मतदान
डेयरी संघों के चुनाव में एक और बड़ा बदलाव सदस्यता की अवधि को लेकर किया जा रहा है। अभी संचालक मंडल के चुनाव में वही सदस्य मतदान कर सकता है, जिसकी सदस्यता चुनाव की तारीख से कम से कम एक साल पुरानी हो।
प्रस्तावित संशोधन में इस अनिवार्यता को खत्म किया जा रहा है। इसके बाद चुनाव से ठीक पहले सदस्य बनने वाले लोगों को भी मतदान का अधिकार मिल सकेगा। इसके लिए नियम 20.1 से 20.3 तक में बदलाव प्रस्तावित है।
इस फैसले के दो अलग-अलग राजनीतिक प्रभाव हो सकते हैं। एक तरफ दूध सप्लाई की शर्त पूरी नहीं करने वाली समितियां चुनावी प्रक्रिया से बाहर होंगी, वहीं दूसरी तरफ नए सदस्यों के जुड़ने से चुनाव में मतदाताओं का आधार बढ़ सकता है। ऐसे में डेयरी संघों में पहले से मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं के सामने नए समीकरण बनाने की चुनौती होगी।
ऑडिट के बिना चुनाव में भाग नहीं ले सकेंगी समितियां
प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों की चुनावी पात्रता को वित्तीय पारदर्शिता से भी जोड़ा जा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष का ऑडिट पूरा होने के बाद ही समितियां चुनाव में भाग ले सकेंगी। जिन समितियों का ऑडिट पूरा नहीं होगा, उन्हें चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
इस प्रावधान से उन समितियों की मुश्किल बढ़ सकती है, जिनके वित्तीय रिकॉर्ड और ऑडिट लंबे समय से लंबित हैं। अब केवल सदस्यता या दूध सप्लाई ही नहीं, बल्कि वित्तीय रिकॉर्ड भी चुनाव में भागीदारी का आधार बनेगा।
डेयरी संघों में पहली बार उपाध्यक्ष का पद बनाने की तैयारी
चुनावी नियमों के साथ डेयरी संघों के संचालक मंडल की व्यवस्था में भी बदलाव प्रस्तावित है। अभी संचालक मंडल के चुनाव के बाद उसकी पहली बैठक में सदस्यों में से अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है। मौजूदा व्यवस्था में उपाध्यक्ष का पद नहीं है।
नए प्रस्ताव के तहत अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष का चुनाव भी किया जाएगा। उपाध्यक्ष का कार्यकाल संचालक मंडल के कार्यकाल के बराबर रहेगा। अध्यक्ष की अनुपस्थिति में संचालक मंडल की बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष करेंगे। यदि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों मौजूद नहीं रहते हैं तो संचालक मंडल के सदस्य उस बैठक के लिए अपने बीच से किसी एक सदस्य को अध्यक्ष चुन सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर बदल रहे नियम
सहकारिता विभाग सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए डेयरी सहकारी संस्थाओं के चुनाव संबंधी प्रावधानों में बदलाव कर रहा है। इसके लिए जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों के बायलॉज में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इन बदलावों के लागू होने के बाद डेयरी संघों की चुनावी राजनीति में बड़ा फेरबदल हो सकता है। दूध की नियमित सप्लाई नहीं करने वाली समितियों के जरिए चुनावी प्रभाव बनाए रखने वाले नेताओं की ताकत घट सकती है। वहीं, नए सदस्यों को मतदान का अधिकार मिलने से चुनावी समीकरण नए सिरे से बनेंगे।
