Rajasthan News: मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, जगतपुरा में 400 किलो नकली पनीर और सामोद में 1150 लीटर दूध नष्ट
Rajasthan News: जयपुर में त्योहारी सीजन के दौरान मिलावट के खिलाफ चिकित्सा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जगतपुरा में हरियाणा डेयरी पनीर के गोदाम से 400 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया गया, जबकि सामोद क्षेत्र में 1150 लीटर मिलावटी दूध और 100 किलो सामग्री नष्ट की गई।
विस्तार
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर नकेल कसते हुए चिकित्सा विभाग की टीम ने राजधानी में दो बड़ी कार्रवाइयां कीं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉक्टर टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने जगतपुरा क्षेत्र में हरियाणा डेयरी पनीर के गोदाम पर छापा मारा।
सीएमएचओ डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि टीम को मौके से करीब 400 किलोग्राम मिलावटी पनीर मिला, जो 240 रुपये प्रति किलो की दर से शहर की विभिन्न दुकानों, होटलों और ढाबों पर बिक्री के लिए रखा हुआ था। टीम ने पनीर के नमूने लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे, जबकि शेष पनीर को मिलावट के संदेह में मौके पर ही नष्ट किया गया।
डॉ. मित्तल ने कहा कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम 2011 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और नन्द किशोर कुमावत शामिल थे।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई सामोद थाना क्षेत्र में की गई, जहां फूड सेफ्टी टीम ने 1150 लीटर मिलावटी दूध और लगभग 100 किलो मिलावट सामग्री को नष्ट किया। टीम ने तिगरिया गांव के पास खेमचंद यादव के ठिकाने पर दबिश दी, जहां नकली दूध तैयार किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- अलवर सांप्रदायिक तनाव: भीड़ ने नारेबाजी कर किया परिवार पर हमला, गोली लगने से घायल युवक की मौत; प्रदर्शन तेज
टीम ने मौके से दूध, मिलावट में प्रयुक्त पाउडर और तेल के नमूने लिए। चूंकि खाद्य अनुज्ञापत्र उपलब्ध नहीं था, इसलिए संपूर्ण सामग्री को पुलिस की उपस्थिति में नष्ट किया गया। यह कार्रवाई थाना अधिकारी हनुमान सहाय और सामोद थाना पुलिस की निगरानी में पूरी की गई।
सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावट करने वालों के खिलाफ त्योहारी सीजन में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
यह भी पढ़ें- ‘गुस्से में था मैं’: सांसद राजकुमार रोत को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, किया यह खुलासा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.