राजस्थान न्यूज: कूनो से राजस्थान पहुंचे 2 चीते, शाहबाद में बकरियों का शिकार किया
कूनो नेशनल पार्क से दो मादा चीते ओकाड-1 और ओकाड-2 राजस्थान के बारां स्थित शाहाबाद जंगल पहुंचे। वन विभाग उनकी निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर दो चीते राजस्थान की सीमा में दाखिल हो गए हैं। 'OKAD 1' और 'OKAD 2' नाम के ये दोनों चीते इन दिनों राजस्थान के बारां जिले के शाहबाद वन क्षेत्र में मौजूद हैं। राजस्थान सीमा में प्रवेश करते ही दोनों चीतों ने तेलनी वनखंड 'डी' में दो बकरियों का शिकार किया। शिकार की खबर मिलते ही वन महकमा तुरंत हरकत में आ गया।
शिकार की पहली तस्वीर आई सामने
चीतों द्वारा खुले जंगल में शिकार करने की तस्वीरें पहली बार कैमरे में कैद हुई हैं। यह घटना इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि ठीक एक दिन पहले ही मादा चीता 'वीरा' की कूनो में सुरक्षित घर वापसी हुई है। वीरा भी कई दिनों से राजस्थान की सीमा में घूम रही थी। वीरा के जाने के तुरंत बाद OKAD 1 और OKAD 2 के शाहबाद में डेरा डालने से यह बात साफ हो गई है कि चीते राजस्थान के जंगलों को अपने कॉरिडोर और टेरिटरी के रूप में देख रहे हैं।
रेडियो कॉलर से 24 घंटे निगरानी
जानकारी मिलते ही डीएफओ विवेकानंद बड़े के निर्देशन में शाहबाद क्षेत्र के रेंजर मुकेश सुमन टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कूनो नेशनल पार्क से आई विशेषज्ञों की विशेष टीम भी दोनों चीतों की हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रख रही है। रेडियो कॉलर आईडी के जरिये इनकी लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और मवेशी मालिकों को हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
यह भी पढें- जयपुर: देर रात स्कूटी पर निकले कलेक्टर संदेश नायक, परकोटे में देखा सफाई का हाल
ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी
चीतों के खुले जंगल में इस तरह मूवमेंट और शिकार को देखते हुए वन विभाग ने शाहबाद और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। रेंजर मुकेश सुमन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों के आसपास अपने मवेशियों को अकेला न छोड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा है कि चीतों की मौजूदगी या किसी भी तरह की हलचल दिखने पर वे तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
चार दिन पहले वीरा भी पहुंची थी
खास बात यह है कि करीब चार दिन पहले मादा चीता वीरा भी इसी इलाके के जंगलों में घूमती देखी गई थी। बाद में वह वापस मध्य प्रदेश की ओर चली गई। अब दो और चीतों के राजस्थान पहुंचने के बाद वन विभाग ने शाहाबाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। डीएफओ विवेकानंद बाड़े चीतों की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। वनकर्मियों की टीमें भी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं।
चीतों के लिए अनुकूल है शाहाबाद का जंगल
शाहाबाद के जंगलों में लगातार चीतों की मौजूदगी को वन विभाग इलाके के अनुकूल वन आवास का संकेत मान रहा है। हालांकि, ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने लोगों से चीतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे चीतों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की गतिविधि या चीते के दिखाई देने की सूचना तुरंत वन अधिकारियों को दें।