Jaipur News: निर्जला एकादशी पर सड़क पर बीयर बांटने का मामला, जयपुर पुलिस ने सात युवकों को किया गिरफ्तार
Jaipur News: जयपुर में सड़क पर गाड़ी रोककर राहगीरों को बीयर और चखना बांटने वाले मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसपर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
निर्जला एकादशी जैसे पवित्र पर्व के दिन जयपुर की सड़कों पर बीयर बांटने का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में जयपुर दक्षिण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर सात युवकों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘लप्पू सचिन’ सहित सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और वीडियो बनाने में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दिगंत आनंद आईपीएस ने बताया कि इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर बीयर बांटते नजर आ रहे थे। यह घटना निर्जला एकादशी के दिन की बताई जा रही थी, जिस दिन आमजन जल व शरबत वितरण जैसे पुण्य कार्यों में लिप्त रहते हैं।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास
वीडियो के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह कृत्य समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा (RPS), सहायक पुलिस आयुक्त आदित्य काकडे (IPS) और थानाधिकारी मानसरोवर लखन सिंह खटाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
यह भी पढ़ें- Bhilwara News: छत से गिरने से युवक की मौत, परिजनों में मातम; टंकी की सफाई के दौरान हुआ हादसा
तीव्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारियां
मानसरोवर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तहत वीडियो में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ में सामने आया कि यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स बढ़ाने की मंशा से बनाया गया था, लेकिन यह समाज की भावनाओं के विपरीत चला गया। सभी आरोपी इस पर खेद जताते हुए माफी मांग चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सचिन सिंह (लप्पू सचिन) निवासी झुंझुनू, प्रदीप कडवासरा निवासी दौसा, विकास वर्मा निवासी मानसरोवर जयपुर, अभिषेक निर्मल निवासी सुलताना झुंझुनू, सुनिल कुमार निवासी चुरू, आदित्य महरिया निवासी चिड़ावा झुंझुनू और अंकित निवासी पिलानी झुंझुनू शामिल हैं।
दरअसल, राजधानी जयपुर में एक चौंकाने वाला वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवा गाड़ियों को रोककर बीच सड़क पर बीयर और चखना बांटते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर इंटरनेट पर लोगों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
वीडियो में क्या है खास?
करीब ढाई मिनट के इस वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवा एक दुकान से बीयर की पेटी खरीदते हैं और फिर एक गाड़ी में रखकर सड़क से गुजर रहे लोगों को प्लास्टिक के गिलास में बीयर परोसते हैं। कई लोग पहले चौंकते हैं, लेकिन फिर हंसी-खुशी के साथ उसे स्वीकार करते दिखाई देते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में एक फिल्मी गाना भी सुनाई देता है।
यह भी पढ़ें- Alwar News: लक्ष्मणगढ़ उपखंड मुख्यालय के पास दो बाइकों की भिड़ंत, एक की मौत; महिला और बच्चे गंभीर रूप से घायल
घटना के दिन का संयोग
यह वीडियो निर्जला एकादशी के दिन का बताया जा रहा है। इस विशेष दिन पर जहां जगह-जगह लोग पानी, शरबत और आइसक्रीम का वितरण करते हैं, वहीं इस वीडियो में बीयर बांटे जाने की वजह से यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सोशल मीडिया पर आ रहीं ये प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग राय दी है। कुछ इसे युवाओं की मस्ती भरा कदम बता रहे हैं। वहीं, कुछ इसे संवेदनशील दिन पर सोच-समझकर कदम उठाने की जरूरत से जोड़ते हैं। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक जगहों पर किसी भी आयोजन को जिम्मेदारी से करना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। वहीं, स्थानीय स्तर पर जानकारी के अनुसार यह वीडियो जयपुर के टोंक रोड और मालवीय नगर इलाके में शूट किया गया बताया जा रहा है।
जयपुर पुलिस की अपील
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स या प्रसिद्धि पाने की होड़ में किसी भी धर्म, संस्कृति या समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कोई भी सामग्री न बनाएं और न ही प्रसारित करें। ऐसा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।