Jaipur News: सट्टा खिलाने वालों के पास करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां...अमेरिका, यूएई और इंडोनेशिया के नोट भी मिले
राजधानी जयपुर में सट्टा खिलाकर साइबर फ्रॉड करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से पुलिस को एक डिफेंडर गाड़ी, वोल्वो कार और स्कॉर्पियो मिली है। इनकी कीमत करोड़ों में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पुलिस मुख्यालय ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मानसरोवर थाना क्षेत्र के नारायण विहार इलाके में संचालित सट्टेबाजी के गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लाखों रुपये की भारतीय एवं विदेशी मुद्रा, चार लग्जरी गाड़ियां, 10 मोबाइल फोन, तीन पासपोर्ट और यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के रेजिडेंट कार्ड जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबिन कुमार (32) निवासी झुंझुनू और रवि गौदारा (31) निवासी सुरजगढ़, झुंझुनू के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी महादेव बैटिंग एप के जरिए 70 से अधिक ऑनलाइन गेम्स पर सट्टा संचालित कर रहे थे। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (AGTF) दिनेश एमएन ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन गेम्स में सट्टेबाजी के लिए किराए के बैंक खातों और फर्जी मोबाइल सिम का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपए का लेनदेन कर रहे थे।
जब्त सामान
-
भारतीय एवं विदेशी मुद्रा: 1,50,350 (भारतीय)
-
100 यूएस डॉलर के 10 नोट
-
इंडोनेशियाई मुद्रा: 1 लाख के 8 नोट, 5000 के 7 नोट, 2000 का 1 नोट
-
यूएई मुद्रा: 1000 के 4 नोट, 100 का 1 नोट, 50 के 6 नोट, 10 के 26 नोट, 20 के 4 नोट
लग्जरी वाहन
-
रेंज रोवर
-
डिफेंडर
-
वॉल्वो
-
स्कॉर्पियो
अन्य सामान
-
10 मोबाइल फोन
-
तीन पासपोर्ट
-
दो यूएई रेजिडेंट कार्ड
-
तीन एटीएम कार्ड
ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क
आरोपियों ने महादेव बैटिंग एप पर "ऑल" नामक पैनल आईडी ले रखी थी, जो मुकेश मीणा (हरमाड़ा, जयपुर) और महेश पुनिया (बीपर, फतेहपुर, सीकर) के पास थी। इस पैनल के माध्यम से वे allpanelexch.com पर लॉगिन कर सट्टेबाजी करते थे। महेश पुनिया ऑनलाइन ग्राहक आईडी बनाकर किराए के बैंक खातों को सट्टेबाजी के लेनदेन के लिए जोड़ता था। ग्राहकों द्वारा भुगतान किए गए पैसे को ये आरोपी अपने आंतरिक खातों में ट्रांसफर कर एमडी पैनल से निकासी करते थे।
70 से अधिक ऑनलाइन गेम्स पर सट्टेबाजी
इस ऑनलाइन सट्टे के अंतर्गत 20-20 तीन पत्ती, आईसी, बॉलीवुड कसीनो, मिनी सुपर ओवर, गॉल, लकी 15, गोल्डन रूलेट, 32 कार्ड्स, वन कार्ड वन डे जैसे 70 से अधिक गेम्स पर सट्टा लगाया जाता था। AGTF की टीम को सूचना मिली थी कि नारायण सागर एबीसी, मकान नंबर B-58 में ऑनलाइन सट्टेबाजी हो रही है। इस पर एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल कमल सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेश कुमार और कांस्टेबल नरेश कुमार, रतिराम की टीम ने छापा मारा और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
गिरोह का भंडाफोड़ जारी
AGTF प्रमुख दिनेश एमएन ने बताया कि अपराधी गिरोहों, गैंगस्टर्स और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए एडीजी योगेश यादव एवं एएसपी सिद्धांत शर्मा के निर्देशन में विशेष टीमों को विभिन्न जिलों में भेजा गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।