Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Jaipur Murder: Seven-Year-Old Rivalry Ends in History-Sheeter Vijay Bajia’s Killing

जयपुर: सात साल पुरानी खूनी रंजिश का सवा मिनट में अंत, हत्या से पहले भी चार बार हो चुके थे विजय बाजिया पर हमले

Thu, 12 Nov 2026 11:56 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Thu, 12 Nov 2026 11:56 AM IST
सार

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के पीछे सात साल पुरानी रंजिश सामने आई है। पहले भी उस पर तीन-चार बार हमले हो चुके थे। इस बार कैम्पर से फॉर्च्यूनर टकराकर बदमाशों ने सवा मिनट में उसकी हत्या कर दी। जानें प्रॉपर्टी विवाद और सरपंच चुनाव से क्या था कनेक्शन।

विज्ञापन
Jaipur Murder: Seven-Year-Old Rivalry Ends in History-Sheeter Vijay Bajia’s Killing
विजय बाजिया की हत्या के आरोपी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह भी सामने आ गई। पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे सात साल पुरानी रंजिश थी। विजय ने वर्ष 2019 में कैलाश नाम के युवक की हत्या की थी। इसके बाद से कैलाश का बेटा हनीश गोल्या उससे बदला लेने की फिराक में था। विजय पर पहले भी चार से पांच बार हमले हो चुके थे, लेकिन वह बच निकला। बुधवार रात हनीश ने साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।

विज्ञापन

विजय बाजिया (25) जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था। बुधवार रात वह फॉर्च्यूनर से कालवाड़ की तरफ से जयपुर आ रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी दोपहर करीब तीन बजे से ही कैम्पर लेकर उसका पीछा कर रहे थे। शाम करीब सात बजकर पंद्रह मिनट पर जगदंबा नगर इलाके में उसकी गाड़ी को कैम्पर से टक्कर मारकर रोक दिया। विजय गाड़ी से उतरकर भागा तो हनीश कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़ा। हमलावरों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से पीटा और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए।

विज्ञापन

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कई बार किया हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि विजय और कैलाश के परिवारों के घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है। दोनों पहले साथ रहते थे, लेकिन किसी विवाद के बाद उनके बीच दुश्मनी हो गई। वर्ष 2019 में विजय ने शराब के ठेके पर कैलाश की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह जेल भी गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

विजय के जेल से बाहर आने के बाद कैलाश का बेटा हनीश पिता की हत्या का बदला लेने की कोशिश करने लगा। जानकारी के अनुसार, उसने जोबनेर इलाके में विजय पर चार से पांच बार हमला किया। कुछ घटनाओं की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज हुई थी। इसके बावजूद विजय बचता रहा। आखिरकार बुधवार रात हनीश ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

दोपहर से पीछा, शाम को कैम्पर से टक्कर मारकर रोका

पुलिस के अनुसार, आरोपी दोपहर करीब तीन बजे से विजय की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। शाम को जब वह कालवाड़ स्थित अपने घर के लिए निकला तो जगदंबा नगर में उसकी फॉर्च्यूनर को कैम्पर से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी बंद हो गई। विजय ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया।

हनीश कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़ा। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो विजय के सिर से खून बह रहा था। उसे कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सिर की हड्डी में तीन इंच तक धंसी थी कुल्हाड़ी

हमले में कुल्हाड़ी विजय के सिर की हड्डी में करीब तीन इंच तक धंस गई थी। डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे बाहर निकाला। उसके शरीर पर अन्य जगह भी कट के निशान मिले। आरोपी वारदात के बाद कुल्हाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।

विजय के खिलाफ तीन थानों में 15 मामले दर्ज थे

विजय पिछले कुछ समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का काम कर रहा था। प्रॉपर्टी खाली करवाने और कब्जे को लेकर उसका कई लोगों से विवाद रहता था। वह लोगों को दो हत्याएं करने और तीसरी भी करने की धमकी देता था। उसने अपनी गाड़ी का नंबर भी आईपीसी की धारा 302 से जोड़ते हुए 0302 रख लिया था।

जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में विजय के खिलाफ कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल थे। वह करीब दस साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था।

सरपंच का चुनाव लड़ने की भी कर रहा था तैयारी

आपराधिक मामलों के बीच विजय ने राजनीति में उतरने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। वह खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे। हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और मुकदमों के कारण गांव के लोगों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने से रोक दिया था।

कैम्पर जब्त, बाकी कड़ियों की जांच

हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और लोगों के मोबाइल से बनाए गए वीडियो की मदद से कैम्पर की पहचान की। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामेश्वर सिंह के अनुसार, मामले की जांच के लिए टीमें लगाई गई थीं। चार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या की योजना किसने बनाई, वारदात में कितने लोग शामिल थे और सात साल पुरानी रंजिश को अंजाम देने में किसकी क्या भूमिका रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed