गोगा भक्तों का हैरतअंगेज जलवा: किसी ने अजगर गले में डाला, किसी ने नाग को हथेली पर सजाया
चूरू में तेजा दशमी और गोगामेड़ी मेले के दौरान गोगा भक्तों ने सांपों संग हैरतअंगेज करतब दिखाए। किसी ने अजगर गले में डाला, तो किसी ने नाग हथेली पर सजाया। भक्ति और बहादुरी के संगम ने मेले को श्रद्धा, साहस और रोमांच का अनोखा उत्सव बना दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के चूरू जिले में आयोजित तेजा दशमी और गोगामेड़ी मेले ने इस बार अद्भुत दृश्य पेश किए। एक ओर मंदिरों में घंटियों की गूंज, भजनों और लोकगीतों की मधुर धुन ने भक्तिमय वातावरण बनाया, तो दूसरी ओर गोगा भक्तों की बहादुरी ने हर किसी को दंग कर दिया।
हजारों की भीड़ के बीच भक्त अपने-अपने निशानों के साथ मंच और चौक पर पहुंचे। तभी सामने आए सांप और गोयरा। श्रद्धालुओं ने बिना किसी भय के उन्हें गले लगाया और करतब दिखाए। किसी ने अजगर को गले की माला बना लिया तो किसी ने फन उठाए नाग को हथेली पर सजाया। इस दृश्य को देखकर लोग रोमांचित हो उठे।
बच्चे मां की उंगलियां कसकर थामे खड़े रहे, बुजुर्ग विस्मित होकर निहारते रहे और युवाओं ने मोबाइल कैमरों में इन पलों को कैद किया। गोगा भक्तों की आस्था और साहस का अनोखा संगम हर करतब में झलकता रहा। ढोल-ताशों की गूंज और जयकारों के बीच सांपों के साथ नाचते-थिरकते भक्तों ने पूरे मेले को अविस्मरणीय बना दिया।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: जर्जर स्कूलों पर कांग्रेस का सदन में जोरदार हंगामा, विधानसभा में पास होगा कोचिंग रेगुलेशन बिल
जैसे-जैसे रात गहराती गई, वैसे-वैसे मेले का उत्साह चरम पर पहुंचा। किसी को भजनों की धुन ने आकर्षित किया, तो किसी को सांपों के साथ भक्तों की हैरतअंगेज प्रस्तुतियां। आखिर में जब हजारों लोगों ने एक स्वर में 'जय गोगाजी, जय तेजाजी' का जयकारा लगाया तो पूरा चूरू भक्तिरस और साहस से गूंज उठा।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में एक और ट्रेनी SI गिरफ्तार, 8 लाख में लिया था पेपर