Cyclone Biparjoy: बाड़मेर में फंसे 20 लोगों को SDRF ने बचाया, जलोर में पांचला बांध टूटने से बिगड़े हालात
बिपरजॉय राजस्थान के अलग-अलग शहरों में अपना कहर बरपा रहा है। जलोर में पांचला बांध टूट गया। राजसमंद में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं बाड़मेर के धोरीमन्ना क्षेत्र में पानी में फंसे 20 लोगों को SDRF ने बचाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कमांडेंट राजकुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की दोपहर 02:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम बाड़मेर और उपखण्ड कार्यालय धौरीमन्ना से एसडीआरएफ राजस्थान कंट्रोल रूम जयपुर को सूचना मिली कि बिपरजॉय तूफान के कारण बाड़मेर जिले के धौरीमन्ना कस्बे के निचले इलाकों में पानी भरने से घरों में कुछ लोग फंसे हुए है। सूचना पर एसडीआरएफ कंट्रोल रूम ने एसडीआरएफ कंपनी जोधपुर थाना धौरीमन्ना जिला बाड़मेर पर तैनात रेस्क्यू टीम एफ-01 के प्रभारी हेड कांस्टेबल ओमसिंह को अविलम्ब घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू टीम प्रभारी 11 जवानों की टीम और आपदा राहत उपकरणों के साथ दोपहर 02:35 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुए। वहां बिपरजॉय तूफान के कारण अतिवृष्टि होने से इलाकों में बसी कॉलोनियों में पानी भर गया था। घरों में काफी लोग फंसे हुए थे। पूरे इलाके में अतिवृष्टि से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। कॉलोनी में करीब 03 से 05 फीट तक पानी भरा हुआ था।
टीम कमांडर के निर्देश पर रेस्क्यू टीम के जवानों राजेश कुमार, बाबूलाल, दिलीप कुमार, महेन्द्र, बगताराम, गणपतराम, ओमदान, सुरेश कुमार, राजेन्द्र कुमार घमूराम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कस्बे की जलमग्न कॉलोनी के घरों में फंसे लोगों को स्थानीय प्रशासन के साथ मिल समझाइश कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। शाम 7:50 बजे तक रेस्क्यू टीम ने बाढ़ग्रस्त इलाके से 20 नागरिकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लाखाराम उपखण्ड अधिकारी, सुखाराम विश्नोई थानाधिकारी पुलिस थाना धौरीमन्ना मय जाप्ता और स्थानीय नागरिकों ने एसडीआरएफ को धन्यवाद दिया और रेस्क्यू टीम के कार्य की सराहना की।
राजसमंद में मकान ढहने से एक महिला की मौत, पुठोल में चरवाहे की मौत
राजसमंद में बारिश का दौर जारी है। नदियों में पानी आ रहा है। राजसमंद के केलवा में एक मकान ढहने से एक महिला की मौत हो गई। स्थानीय थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, पुठोल के पास भी एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। बकरी चराने के दौरान चट्टान से पत्थर गिरने से चरवाहे की मौत की सूचना है।
सीएम ने जिला कलेक्टरों से ली जानकारी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिपरजॉय तूफान के कारण बनी परिस्थितियों को लेकर जालौर, सिरोही, बाड़मेर और पाली के जिला कलेक्टरों से बात की। सीएम ने कहा कि चारों जिलों में स्थिति नियंत्रण में हैं और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
जयपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग में बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दोपहर 04:00 बजे डॉप्लर रडार पिक्चर के अनुसार डिप्रेशन सिस्टम पूर्वी राजस्थान के अजमेर की ओर आगे बढ़ रहा है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी है।
पांचला बांध टूटने से बिगड़े हालात
जलोर के सांचौर शहर में पानी घुसने से पांचला बांध टूटने से हालात और भी बिगड़ गए हैं। मंत्री सुखरामजी विशनोई खुद बाढ़ के पानी में उतरकर क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे।