जयपुर में दिल दहलाने वाली घटना: तीसरी बेटी के जन्म के बाद नवजात की मौत, पिता पर गला घोंटकर हत्या का आरोप
जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र में तीसरी बेटी के जन्म के बाद पिता पर नवजात की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। घटना अस्पताल में हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों व अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
राजस्थान के जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, तीसरी संतान भी बेटी होने के बाद एक पिता पर अपनी नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। घटना मंगलवार को एक अस्पताल में हुई, जहां ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीमराना निवासी रवि कुमार कथित तौर पर लगातार तीसरी बेटी होने से नाराज था। आरोप है कि उसने अस्पताल के भीतर ही नवजात बच्ची का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: जयपुर में VVIP प्रोटोकॉल पर फिर बवाल; बारिश से बच रहे लोगों को बस शेल्टर से हटाया
घटना की सूचना मिलने पर चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अस्पताल के स्टाफ और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नवजात की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।