ISIS का मददगार निकला इंडियन ऑयल अधिकारी
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक मार्केटिंग मैनेजर को जयपुर से आतंकी संगठन आईएसआईएस के साथ कथित संबंध के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
मार्केटिंग मैनेजर मोहम्मद सिराजुद्दीन को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और राजस्थान पुलिस के एटीएस ने गिरफ्तार किया। एटीएस और एसओजी के अतिरिक्त डीजीपी आलोक त्रिपाठी के मुताबिक सिराजुद्दीन कर्नाटक के गुलबर्गा का रहने वाला है।
उसे गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। उस पर खतरनाक आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंध रखने का आरोप है। सिराजुद्दीन पर मुस्लिम युवकों को आईएसआईएस में भर्ती होने के लिए उकसाने का भी आरोप है।
सोशल मीडिया के सहारे युवकों फुसला रहा था सिराजुद्दीन
सिराजुद्दीन की गतिविधियों के बारे में शिकायत मिलने पर राजस्थान पुलिस की एसओजी और एटीएस टीमों ने इस मामले में छानबीन की। इस दौरान उसने सिराजुद्दीन के व्हाट्सअप मैसेज और फेसबुक अकाउंट की भी जांच की।
इसके अलावा जयपुर स्थित उसके आवास से कुछ आपत्तिजनक चीजें भी बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि सिराजुद्दीन सोशल मीडिया के जरिये कई मुस्लिम युवकों के संपर्क में था।
उसके पास से आईएसआईएस के ऑनलाइन मैगजीन दबिक, तस्वीरें और कुछ वीडियो हासिल हुए हैं। सिराजुद्दीन के खिलाफ आगे की जांच चल रही है।