मैंने देश के लिए इकलौता बेटा खोया है, पाक को दें कड़ा जवाबः शहीद के पिता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैंने देश के लिए अपना इकलौता बेटा खोया है, अब भारत को चाहिए कि वो पाकिस्तान को इसका करारा जवाब दे। आंखों में आए आंसुओं को पोंछते हुए शहीद प्रभु सिंह के पिता की जुबान से बार बार यही शब्द निकल रहे थे।
राजस्थान के जोधपुर निवासी सेना में रायफलमैन रहे प्रभु सिंह कल जम्मू कश्मीर के मछेल सेक्टर में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। उनके साथ अन्य दो जवान और शहीद हुए थे। मंगलवार देर रात जैसे ही प्रभु सिंह का शव घर पहुंचा वहां कोहराम मच गया।
उनके बूढ़े पिता का रो रोकर बुरा हाल था। बूढ़ी मां की आंखें जवान बेटे की लाश देखकर पथरा गई थीं। रोते रोते उनके पिता बस एक बात ही दोहरा रहे थे कि उनके बेटे की शहादत का बदला पाकिस्तान को करारा जवाब देकर लिया जाए। जिस तरह से उनके बेटे को मौत के घाट उतारा गया है उसी तरह से पाकिस्तान को भी इस दर्द का एहसास हो।
बारबंकी के शहीद शशांक कुमार के घर भी मचा कोहराम
वहीं बारबंकी में भी मछेल सेक्टर में शहीद हुए एक अन्य जवान शशांक कुमार सिंह का शव उनके पैतृक गांव में पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। उनके पिता और पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था। उनके पिता का यही कहना था कि अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी नापाक हरकतों का माकूल जवाब दिया जाना चाहिए।
बता दें कि मंगलवार सुबह जब भारतीय सेना के जवान मच्छेल सेक्टर में एलओसी पर पेट्रोलिंग कर रहे थे तब पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम के जवानों ने घात लगाकर टीम पर हमला कर दिया। हमले में तीन जवान शहीद हो गए। इनमें से एक जवान के शव के साथ बैट के सिपाहियों ने बर्बरता की हरकत को अंजाम दिया।
बाद में तीनों जवानों के शवों को बरामद कर लिया गया। मामले में सेना की ओर से रक्षामंत्री को इस हमले की जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है रक्षामंत्री ने इसका कड़ा जवाब देने का संदेश दिया है।