Rajasthan: SFI के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश झाझड़िया की हत्या, बदमाशों ने घेरकर सरिया से पीटा
पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने राकेश की गाड़ी को टक्कर मार दी। उसके बाद कुछ युवकों ने राकेश को गाड़ी से उतारकर बुरी तरह से पीटा। गंभीर हालत में राकेश को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
विस्तार
झुंझुनू में सेठ मोतीलाल कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश झाझड़िया की बदमाशों ने हत्या कर दी। राकेश अपने एक साथी के साथ केहरपुरा से भड़ौंदा खुर्द की ओर आ रहे थे, तभी एक कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। उसके बाद हमलावरों ने उन्हें गाड़ी से उतारकर सरियों से पीटा।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश झाझड़िया की गाड़ी को बदमाशों ने टक्कर मारी। हमले को भांपकर राकेश झाझड़िया ने गाड़ी भगानी चाही लेकिन एक दूसरी कैंपर ने भी राकेश की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। उसके बाद बदमाशों ने उन्हें गाड़ी से उतारकर सरियों से बुरी तरह पीटा। साथ ही उनके साथी के साथ भी मारपीट की। उसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
साथी संजीव ने राकेश पिता को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसके बाद गंभीर हालत में राकेश को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल लाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण डीएसपी रोहिताश्व देवंता और बगड़ एसएचओ श्रवण कुमार पहुंचे। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं घटना से आक्रोशित एसएफआई जिलाध्यक्ष पंकज गुर्जर और छात्रनेता ने शव लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
वारदात से पहले गोवंश दफनाकर लौटे थे राकेश
दूसरी ओर जानकारी सामने आई कि राकेश ने अपने दोस्तों के साथ लंपी से ग्रसित गायों की देखभाल के लिए एक टीम बनाई थी। वे शुक्रवार दोपहर काटली नदी में गड्ढा खुदवाकर लंपी से मरे गोवंश को दफना कर लौट थे। इसके तीन घंटे बाद ही उनकी निर्ममता से हत्या कर दी गई।