Bharatpur: भाजपा नेता कृपाल के परिजनों ने SP ऑफिस में किया हंगामा, कहा- हत्याकांड के गवाहों को धमका रहे आरोपी
भरतपुर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजनों ने कहा कि कृपाल हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। वह खुलेआम घूम रहे हैं। आरोपियों से कृपाल के परिजनों और गवाहों को जान का खतरा है। भरतपुर जिले में 4 सितंबर 2022 को मथुरा गेट थाना इलाके में भाजपा नेता कृपाल को गोलियों से भून दिया गया था।
विस्तार
भाजपा नेता कृपाल के परिजनों ने भरतपुर एसपी ऑफिस में जमकर हंगामा किया। गुरुवार को परिजनों के हंगामे के कारण काफी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए, उन्होंने मामले को शांत करवाया। परिजनों का कहना था कि कृपाल की हत्या के बाद गवाहों को जान से मारने की धमकियां मिल रहीं हैं। परिजनों ने आरोपियों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एसपी को आवेदन किया है।
यह है पूरा मामला
भरतपुर एसपी ऑफिस पहुंचे परिजनों ने कहा कि कृपाल हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। वह खुलेआम घूम रहे हैं। आरोपियों से कृपाल के परिजनों और गवाहों को जान का खतरा है। भरतपुर जिले में 4 सितंबर 2022 को मथुरा गेट थाना इलाके में भाजपा नेता कृपाल को गोलियों से भून दिया गया था। हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी कुलदीप सहित पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था ।
गवाह को धमका चुके हैं आरोपी
कृपाल के परिजनों का कहना है कि हत्याकांड का गवाह बबलू 3 मई को शादी में जा रहा था। इस दौरान धोरमुई डिपो के पास जितेंद्र, मनोज राणा सहित 7 लोग बाइक से आए और बबलू को रोक लिया। मनोज राणा और जितेंद्र ने बबलू के सिर पर कट्टा और पिस्टल लगा दी और धमकी दी कि अगर तेरे भाई लोकेंद्र ने कुलदीप, विजयपाल और कुंवरजीत के खिलाफ गवाही दी तो वह उसे कृपाल की तरह गोलियों से भून देंगे। जैसे तैसे बबलू वहां से अपनी जान बचाकर निकल पाया।