उदयपुर: ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप में घुसा शातिर बदमाश, 11 मिनट में 3.25 लाख की सोने की बालियां लेकर फरार
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में ग्राहक बनकर आए बदमाश ने ज्वेलरी शॉप से 25 ग्राम सोने की बालियां चुरा लीं। आरोपी ने दुकानदार को बातों में उलझाकर 11 मिनट में 3.25 लाख रुपये की चोरी की और फरार हो गया।
विस्तार
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र स्थित नमो ज्वेलर्स में एक शातिर बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचा और 3.25 लाख रुपये कीमत की सोने की बालियां चोरी कर फरार हो गया। आरोपी ने महज 11 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। वह 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर दुकान से निकल गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बातों में उलझाकर जेब में रखी बालियां
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। दुकान मालिक सुरेश पांचाल के अनुसार, उस समय उनके पिता दुकान पर बैठे थे। सुबह 10:32 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और सोने की बालियां दिखाने के लिए कहा। बुजुर्ग दुकानदार ने उसे अलग-अलग आकार की बालियों वाले पांच-छह पैकेट दिखाए। आरोपी लगातार बातचीत करके दुकानदार का ध्यान भटकाता रहा। इसी दौरान उसने एक पैकेट अपनी उंगली में फंसाया और चुपचाप उसे जेब में रख लिया। इसके बाद वह 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर सुबह 10:43 बजे दुकान से निकल गया।
पढ़ें: कोटा नगर निगम में भाजपा को बहुमत, अब किसके सिर सजेगा मेयर का ताज? इन नामों ने बढ़ाई सियासी हलचल
25 ग्राम सोना कम मिलने पर हुआ शक
आरोपी के जाने के बाद बुजुर्ग दुकानदार को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने डिब्बों में रखी बालियों का वजन किया तो करीब 25 ग्राम सोना कम मिला। चोरी हुई सोने की बालियों की कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई गई है।
चोरी की आशंका होने पर पीड़ित ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी की पूरी करतूत कैद मिली। इसमें वह दुकानदार को बातों में उलझाकर बालियों का पैकेट चोरी-छिपे अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।