Rajasthan: सीएम गहलोत का जोधपुर दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा
सीएम गहलोत ने कहा कि विकास का कार्य तेज गति से हो रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही यह सभी कार्य पूरे होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सुरपुरा बांध पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके बाद पावटा बस स्टैंड, पावटा हॉस्पिटल, टाउन हॉल, नया तालाब और अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर का जायजा लिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बजट घोषणा में जो भी घोषणा की गई है, उन घोषणाओं को निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को लगातार निर्देशित किया जा रहा है। आज उन्होंने सभी साइट का अवलोकन किया है। उन्होंने कहा कि काफी तेज गति से यह काम हो रहा है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही यह सभी कार्य पूरे होंगे।
बजट घोषणा में हर वर्ग का रखा गया ध्यान
उन्होंने बताया कि पावटा बस स्टैंड के विस्तार को लेकर लंबे समय से कवायद चल रही थी लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ दिक्कत आ रही थी। इस बार हमने जमीन उपलब्ध करा कर आदर्श बस स्टैंड बनाने का काम शुरू किया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर भी बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। बजट घोषणाओं में प्रदेश के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
जल्द निकलेगा बिजली समस्या का हल
प्रदेश में बिजली संकट के सवाल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के साथ उनकी वार्ता हुई है और हमने हमारा पक्ष रखा है। भारत सरकार के माध्यम से भी जो क्लीयरेंस होनी थी, वह हमने पूरी करवाई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का हल निकलेगा।
जोधपुर शहर में एलिवेटेड रोड के निर्माण पर सीएम ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एलिवेटेड रोड बनाने का वादा किया है। इसके लिए डीपीआर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब डीपीआर बनकर तैयार होगी, तब वह एक बार फिर नितिन गडकरी से इस संबंध में चर्चा करेंगे। प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस सरकार आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में लगभग दो साल का समय है और हम हमारा काम कर रहे हैं।
बीएसफ जवानों की हौसला आफजाई
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने जोधपुर दौरे के दौरान सहायक प्रशिक्षण केंद्र स्थित चंदन सिंह चंदेल स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने नवआरक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकट परिस्थितियों में बीएसएफ जवान मुस्तैद रहते हैं। बीएसएफ ज्वॉइन करने के लिए जवानों के साथ उनके परिवारों को भी मुख्यमंत्री ने सलाम किया।