Rajasthan: गहलोत बोले- फिर बनेगी कांग्रेस सरकार, AICC ने मांगी रिपोर्ट, विधायकों से वन टू वन लिया जाएगा फीडबैक
राजस्थान में कांग्रेस सरकार फिर से कैसे रिपीट हो, इसकी स्ट्रैटेजी पार्टी ने बनानी शुरू कर दी है। सीएम अशोक गहलोत का दावा है कि उनकी योजनाओं के बूते कांग्रेस सरकार रिपीट होगी। लेकिन AICC ने कांग्रेस पार्टी संगठन को निर्देश दिए हैं कि वास्तविकता बताकर हमें रिपोर्ट दें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एआईसीसी के निर्देश के बाद 17, 18 और 20 अप्रेल को संभाग वार कांग्रेस विधायकों, मंत्रियों और समर्थित विधायकों से प्रभारी रंधावा, पीसीसी चीफ डोटासरा और सीएम गहलोत फीडबैक लेंगे। विधनसभा चुनाव से पहले कांग्रेस स्ट्रेटजी बनाने के लिए विधायकों और जनप्रतिनिधियों के सुझाव लेगी। 17, 18 और 20 अप्रैल को सभी कांग्रेस और समर्थित विधायकों से वन टू वन फीडबैक लिया जाएगा। कांग्रेस वार रूम में बैठक होगी। जबकि 19 अप्रेल को कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के साथ वर्कशॉप होगी। जिसमें सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, विधान सभा में प्रत्याशी रहे नेता, जिलाध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभाग- प्रकोष्ठों, पंचायत राज और स्थानीय निकाय चुनाव के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा। इस दौरान सरकार की योजनाओं और समस्याओं को लेकर जमीनी फीडबैक लिया जाएगा।
AICC ने कांग्रेस संगठन को वास्तविकता पता लगाने और रिपोर्ट देने का टास्क दिया
सीएम अशोक गहलोत अपनी बजट घोषणाओं और कामकाज के बूते फिर से सरकार रिपीट करने के दावे कर रहे हैं। लेकिन AICC ने कांग्रेस संगठन को भी वास्तविकता पता लगाने और रिपोर्ट देने का टास्क दिया है। ताकि ग्राउंड रियलिटी पर सरकार के कामकाज और योजनाओं को लेकर जनता में क्या रुझान है और सोच है। इसका पता लगाया जा सके। इस दौरान गहलोत सरकार के कामकाज के साथ-साथ योजनाओं का भी फीडबैक लिया जाएगा। फीडबैक कार्यक्रमों बसपा से कांग्रेस में आए 6 विधायकों, RLD और निर्दलीय विधायकों को भी बुलाया गया है। संभागवार ये बैठकें होंगी।
17 अप्रेल को अजमेर और जोधपुर संभाग के विधायकों का फीडबैक कार्यक्रम
17 अप्रेल को अजमेर संभाग के अजमेर, टोंक, नागौर, भीलवाड़ा जिले से आने वाले कांग्रेस विधायकों से वन टू वन संवाद किया जाएगा। जयपुर के अस्पताल रोड स्थित पार्टी के वॉर रूम में सुबह से लेकर शाम तक वन टू वन संवाद होगा और इसी दिन जोधपुर संभाग के भी जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर जिले के कांग्रेस विधायकों से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा वन टू वन फीडबैक लेंगे।
18 अप्रैल को उदयपुर कोटा भरतपुर संभाग का फीडबैक
इसके बाद 18 अप्रेल को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा , प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा उदयपुर संभाग के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद के विधायकों से फीडबैक लेंगे। कोटा संभाग के कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़ और भरतपुर संभाग के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर जिले से आने वाले कांग्रेस विधायकों से भी वन टू वन संवाद करेंगे।
20 अप्रैल को बीकानेर और जयपुर संभाग की रायशुमारी
20 अप्रैल को पार्टी के वॉर रूम में बीकानेर संभाग के बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और जयपुर संभाग के जयपुर, अलवर, दौसा, सीकर और झुंझुनूं जिले से कांग्रेस विधायकों का वन टू वन संवाद किया जाएगा। साथ ही उनसे सरकार की योजनाओं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा होगी।
19 अप्रैल को वर्कशॉप
19 अप्रैल को जयपुर के बिड़ला सभागार में भी एक दिन की वर्कशॉप होगी। जिसमें एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी, सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्री, विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रहे नेता, जिलाध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी पंचायत और स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। सरकार के कामकाज की जमीनी हकीकत जानने और प्रमुख योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए इसमें दिशा निर्देश दिए जाएंगे।24 अप्रेल से लगने वाले महंगाई राहत शिविरों को लेकर भी जानकारी दी जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों की क्षेत्रीय समस्याएं भी जानी जाएंगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा ने हाल ही में 7 संभागों के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भी फीडबैक लिया था। अब फिर से फीडबैक दिया जा रहा है। लेकिन इसमें विधायकों से 1-2-1 चर्चा के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। क्योंकि सचिन पायलट से विवाद के साए में यह बैठक होने जा रही है।