राजस्थान: सांवरिया सेठ को चढ़ाए चांदी के दो शोरूम, 3 किलो 370 ग्राम की अनूठी भेंट लेकर पहुंचा व्यापारी
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर में दिल्ली के एक आभूषण व्यवसायी ने अपने नए शोरूम की सफलता के बाद भगवान को चांदी से बने दो भव्य मॉडल शोरूम भेंट किए। इन दोनों का कुल वजन 3 किलो 370 ग्राम है।
विस्तार
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध कृष्ण धाम मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। दिल्ली के एक आभूषण व्यवसायी ने अपने नए शोरूम की सफलता के बाद भगवान सांवरिया सेठ के दरबार में चांदी से बने दो भव्य शोरूम भेंट किए। इन दोनों मॉडलों का कुल वजन 3 किलो 370 ग्राम है। बारीक कारीगरी से तैयार चांदी के इन शोरूम को देखकर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु आकर्षित हो रहे हैं।
नए शोरूम की सफलता के लिए मांगी थी मन्नत
भगवान श्री सांवरिया सेठ के प्रति भक्तों का विश्वास इतना गहरा है कि कई व्यापारी उन्हें अपने कारोबार में भागीदार मानते हैं। किसी नए काम या व्यापार की शुरुआत से पहले वे भगवान के दरबार में पहुंचकर मन्नत मांगते हैं। मनचाहा लाभ मिलने और मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु सोना, चांदी और नकदी समेत विभिन्न प्रकार की भेंट अर्पित करते हैं। इसी परंपरा के तहत दिल्ली के एक आभूषण व्यवसायी ने अपने नए शोरूम की सफलता के लिए भगवान सांवरिया सेठ से मन्नत मांगी थी। उनकी मनोकामना पूरी हुई और नया कारोबार सफलतापूर्वक स्थापित हो गया। इसके बाद व्यापारी अपने परिवार के साथ भगवान का आभार जताने मंडफिया स्थित मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान के चरणों में चांदी से निर्मित दो भव्य मॉडल शोरूम अर्पित किए। इनका कुल वजन 3 किलो 370 ग्राम है।
बारीक कारीगरी से तैयार किए गए चांदी के शोरूम
चांदी के दोनों मॉडल शोरूम बेहद खूबसूरती और बारीक कारीगरी के साथ तैयार किए गए हैं। मंदिर परिसर में इस अनोखे चढ़ावे को देखने वाले श्रद्धालु इसकी कलात्मक बनावट और भक्त की आस्था देखकर भावविभोर हो गए। यह भेंट मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण और कौतूहल का केंद्र बनी हुई है।
मंदिर मंडल की ओर से इस अनूठी भेंट को सुरक्षित रखवाया गया और भगवान सांवरिया सेठ के चरणों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
व्यापार में भागीदार मानते हैं सांवरिया सेठ को
मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर की ख्याति देश-विदेश में ऐसे धाम के रूप में है, जहां भक्त भगवान को अपने कारोबार का भागीदार मानते हैं। देशभर से बड़े व्यापारी, उद्योगपति और आम श्रद्धालु अपने व्यापार में भगवान सांवरिया सेठ के लिए एक निश्चित हिस्सा निर्धारित करते हैं। कारोबार में सफलता मिलने और मन्नत पूरी होने पर वे अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। मंदिर का दानपात्र खोले जाने पर कई बार करोड़ों रुपये की नकदी, किलो के हिसाब से सोना-चांदी, विदेशी मुद्रा और तरह-तरह के अनोखे उपहार प्राप्त होते हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर कार, ट्रैक्टर, चांदी के रथ, सोने-चांदी के बर्तन, औजार और अन्य वस्तुएं भी भगवान को भेंट करते हैं। अब दिल्ली के आभूषण व्यवसायी की ओर से चांदी के दो शोरूम अर्पित किए जाने की घटना भी इसी अटूट आस्था का उदाहरण बनी है। भगवान सांवरिया सेठ के प्रति भक्तों का यह विश्वास ही है कि वे अपने कारोबार की सफलता से लेकर व्यक्तिगत मनोकामनाओं की पूर्ति तक के लिए उनके दरबार में प्रार्थना करते हैं और मन्नत पूरी होने पर श्रद्धापूर्वक भेंट चढ़ाकर आभार व्यक्त करते हैं।