Chittorgarh: ड्रीम-11 एप पर दो करोड़ रुपये विजेता की ID हैक कर फ्रॉड करने वाला गुड़गांव से गिरफ्तार, एक नामजद
चित्तौड़गढ़ में ड्रीम-11 नाम की एप पर दो करोड़ रुपये के विजेता के मोबाइल नम्बर, जीमेल आईडी, ड्रीम इलेवन आईडी को साइबर ठग द्वारा हैक कर विजेता अनिल साहू के नाम का गुड़गांव में बैंक खाता खुलवा ठगी करने के मामले में एक आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने गुड़गांव से गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साइबर पुलिस चित्तौड़गढ़ की सजगता से बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करने से पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके साथी को नामजद किया है। आरोपी जयंत इंडिया निधि लिमिटेड मिनी बैंक के दोनों डायरेक्टर से मिलीभगत कर ठगी करते थे। पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि ड्रीम इलेवन एप पर दो करोड़ रुपये जीतने वाले काराखेड़ी थाना चंदेरिया जिला चित्तौड़गढ़ निवासी अनिल साहू (21) पुत्र नारायण लाल साहू के मोबाइल नम्बर, जीमेल आईडी और ड्रीम-11 आईडी को साइबर ठग द्वारा हैक कर उसके एप के वॉलेट में पड़े एक करोड़ 37 लाख 89 हजार 800 रुपये को ट्रांसफर करवाने की धमकी देने के मामले में साइबर थाना पर मामला दर्जकर इंस्पेक्टर राजाराम गुर्जर ने जांच शुरू की।
साइबर अपराध को टेक्निकल रूप से ट्रैस करने के लिए साइबर थाने, साइबर सेल की टीम ने कार्य करना शुरू कर तुरंत ड्रीम इलेवन ग्रीवेन्स अधिकारी से सम्पर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यन्त के निर्देश और थानाधिकारी बद्रीलाल डीएसपी के सुपरविजन में साइबर थाना के पुलिस उप-निरीक्षक लोकपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांस्टेबल रामनिवास, साइबर सेल के रामावतार, गणपत की एक साइबर पुलिस टीम गठित कर तुरन्त संदिग्ध मोबाइल नम्बरों की लोकेशन पर उनकी तलाश के लिए गुड़गांव हरियाणा भेजा गया।
आरोपी लोकेश जाट और संदीप रावत साइबर फ्रॉड करने में बराबर के पार्टनर...
पुलिस टीम ने संदिग्ध मोबाइल नम्बरों और साइबर टेक्निकल जानकारी के आधार पर साइबर पुलिस टीम लेजीवेली पॉर्क गुड़गांव पहुंच, वहां बैठे सभी व्यक्तियों से पूछताछ करना प्रारम्भ किया। जहां पेड़ के नीचे बैठा एक लड़का भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने रोक कर पकड़ा। भागने का कारण पूछने पर पुलिस द्वारा पकड़े जाने की शंका पर भागना बताया। नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम उत्तर प्रदेश के ग्राम गढी बरबारी तहसील छाता जिला मथुरा निवासी लोकेश जाट (23) पुत्र मुकेश जाट बताया।
पुलिस पूछताछ में लोकेश जाट ने अपने एक अन्य साथी हरियाणा के ग्राम नंगली पाचंकी जिला पलवल निवासी संदीप रावत (26) पुत्र होशियार सिंह रावत के साथ मिलकर अनिल साहु द्वारा ड्रीम इलेवन में फर्स्ट प्राइज दो करोड़ रुपये जितने की जानकारी होना और ड्रीम इलेवन की फर्जी ई-मेल आईडी बना उस पर केवाईसी मंगवा अनिल की सीम को ड्रीम इलेवन के दो करोड़ रुपये हड़पने के लिए एयरटेल में पोर्ट करवाना बताया है। आरोपी लोकेश जाट और संदीप रावत साइबर फ्रॉड करने में बराबर के पार्टनर हैं। इन्होंने पहले भी कई बार ड्रीम इलेवन में रुपये जीतने वालों के साथ सीम पोर्ट करवाकर उनके जीते हुये रुपयों का फ्रॉड किया है।
केवाईसी फर्जी ई-मेल आईडी पर मंगवाकर सिम पोर्ट कर वॉलेट से जीता पैसा ट्रांसफर...
आरोपी ने गहन पूछताछ के दौरान ड्रीम इलेवन कॉटेस्ट में जीतने वालों की केवाईसी फर्जी ई-मेल आईडी पर मंगवाकर उसकी सिम को पोर्ट कर ड्रीम इलेवन आईडी के वॉलेट से जीता हुआ रुपया उनके खाते में भेज कर निकाल लेना बताया है। बिना केवाईसी कन्फर्म किए बैंक खाता खोलकर रुपये निकालने वाले बैंक के बारे आरोपी से साइबर टीम द्वारा पूछने पर उसने जयंत इंडिया निधि लिमिटेड मिनी बैंक के दोनों डायरेक्टर से मिलीभगत होना बताया। जो केवाईसी के आधार पर खाता खोलते हैं और खाते में रुपया आने पर पचास प्रतिशत अपने पास रखते हैं और पचास प्रतिशत आरोपियों को दे देते हैं, जिन्हें लोकेश और संदीप दोनों आधा-आधा बंटवारा कर लेते हैं।
अनिल साहू का फर्जी खाता भी बैंक के डायरेक्टर निरंजन वर्मा ने ही आरोपियों के बैंक जयंत इंडिया निधि लिमिटेड गुडगांव सेक्टर-12 में ही खोला है। अनिल साहू का ड्रीम इलेवन के वॉलेट में पड़े एक करोड़ 37 लाख 89 हजार रुपये उसी खाते में ट्रांसफर करने से पहले पुलिस आ गई। अन्यथा अनिल साहू का ड्रीम इलेवन के वॉलेट में पड़े एक करोड 37 लाख 89 हजार रुपये अनिल साहू के नाम से खोले हुए फर्जी बैंक खाते में डाल देते।
लोकेश जाट से गहन पूछताछ कर मामले में आरोपी होने पर गिरफ्तार...
साइबर पुलिस टीम ने लोकेश जाट को साथ लेकर बैंक जयंत इंडिया निधि लिमिटेड गुडगांव सेक्टर-12 पहुंचकर मामले के प्रार्थी अनिल साहू के बैंक खाते की डिटेल चाही, तो वहां अनिल साहू का बैंक खाता खुला हुआ पाया और उसकी केवाईसी भी ऑरिजनल ही लगी हुई मिली। मामले के संदिग्ध लोकेश जाट को साइबर पुलिस टीम साथ लेकर पुलिस थाना साइबर चित्तौड़गढ़ पर आए और मामले के अनुसंधान अधिकारी राजाराम पुलिस निरीक्षक को सुपुर्द किया। लोकेश जाट से गहन पूछताछ कर मामले में आरोपी होने से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की तलाशी में मामले के प्रार्थी अनिल साहू चित्तौडगढ़ का आधार कार्ड और पेन कार्ड की कॉपी मिली। साथ ही दो स्मार्ट मोबाइल फोन भी मिले, जिनमें साइबर फ्रॉड करने के प्रकरण से संबंधित सभी साक्ष्य प्राप्त हुए। जिसका अभी भी गहन अनुसंधान राजाराम पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर औंकार सिंह और उनकी टीम कर रही है। गुरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार हुए आरोपी लोकेश जाट पुत्र मुकेश जाट उम्र 23 साल निवासी ग्राम गढी बरबारी, तहसील छाता पुलिस थाना कोसीकलां जिला मथुरा उ.प्र. हाल निवासी प्लॉट नम्बर 28, गली 06 नाथुपुर 67, गुड़गांव हरियाणा। लोकपाल सिंह राठौड़ उप-निरीक्षक थाना साइबर चित्तौड़गढ़, रामनिवास कानि थाना साइबर चित्तौड़गढ़, रामावतार कानि. साइबर सेल चितौड़गढ़ और गणपत कानि. साइबर सेल की विशेष भूमिका रही।