पंचायत चुनाव: बूंदी जिला परिषद में कांग्रेस की बड़ी जीत, 27 में से 20 सीटों पर कब्जा; भाजपा को मिलीं 6 सीटें
बूंदी जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 27 में से 20 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की है। भाजपा को 6 सीटें मिलीं। वार्ड 14 का परिणाम होल्ड है। दोबारा मतगणना के बाद अंतिम तस्वीर साफ होगी।
विस्तार
पंचायत राज चुनाव के नतीजों में बूंदी जिले में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला परिषद की 27 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा को 6 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वार्ड नंबर 14 का परिणाम फिलहाल होल्ड रखा गया है। इस वार्ड में दोबारा मतगणना कराई जाएगी। ऐसे में निर्वाचन विभाग ने अभी 26 वार्डों के परिणाम ही जारी किए हैं।
कांग्रेस की इस बड़ी जीत से पार्टी खेमे में उत्साह का माहौल है। जिला प्रमुख बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा कांग्रेस ने आसानी से पार कर लिया है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य बाड़ेबंदी में हैं। बूंदी पीजी कॉलेज के बाहर कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जुटी रही। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। वहीं, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा के आवास पर भी बधाई देने के लिए समर्थकों और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा।
हरिमोहन और सत्येश शर्मा की रणनीति की चर्चा
चुनाव परिणामों के बाद बूंदी की राजनीति में विधायक हरिमोहन शर्मा और उनके बेटे कांग्रेस नेता सत्येश शर्मा की भूमिका भी चर्चा में है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस जीत को पार्टी की रणनीति और जनता के समर्थन का परिणाम बताया। हरिमोहन शर्मा ने जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन करने वाले आमजन और मतदाताओं का आभार जताया। वहीं, सत्येश शर्मा ने भी मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।
पूर्व मंत्री के बेटे मनीष सैनी की बड़ी जीत
जिला परिषद के वार्ड 20 से पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे और भाजपा प्रत्याशी मनीष कुमार सैनी ने करीब 2500 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मनीष सैनी को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया।
पूर्व सांसद के बेटे शिव मीणा को मिली हार
जिला परिषद के वार्ड 17 से कांग्रेस प्रत्याशी शिव मीणा को हार का सामना करना पड़ा। वह पूर्व सांसद रामनारायण मीणा के बेटे हैं। शिव मीणा करीब 1900 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। इस नतीजे को कांग्रेस खेमे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में भी इस सीट के परिणाम को लेकर चर्चा रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी 5200 वोटों से हारीं
जिला परिषद के वार्ड 24 का परिणाम भी जिले की राजनीति में चर्चा का विषय रहा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी कांता मीणा ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा की पत्नी आशा मीणा को करीब 5200 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इस हार को बूंदी पंचायत राज चुनाव में सबसे बड़े अंतर से हुई हार बताया जा रहा है। परिणाम से भाजपा खेमे को बड़ा झटका लगा है।
सत्येश शर्मा ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता सत्येश शर्मा ने चुनाव परिणामों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं कर पाई है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम जनता के इसी असंतोष को दर्शाते हैं। मतदाताओं ने अपने वोट के माध्यम से सरकार को जवाब दिया है।
वार्डवार विजेताओं के नाम
जिला परिषद चुनाव में वार्ड 1 से कांग्रेस की आसा कुमारी, वार्ड 2 से भानु प्रताप, वार्ड 3 से नूपुर तंवर और वार्ड 4 से राधेश्याम मीणा ने जीत दर्ज की।
वार्ड 5 से भाजपा की चांद कंवर और वार्ड 6 से फूलन्ता विजयी रहीं। वार्ड 7 से कांग्रेस की प्रेम बाई, वार्ड 8 से उच्चब लाल धाकड़ और वार्ड 9 से भाजपा की बिंटू ने जीत हासिल की।
वार्ड 10 से कांग्रेस की गुड्डी बाई, वार्ड 11 से चंद्रकला, वार्ड 12 से सोहनलाल और वार्ड 13 से रानी विजयी रहीं। वार्ड 14 का परिणाम होल्ड रखा गया है।
वार्ड 15 से कांग्रेस की कविता, वार्ड 16 से सीताराम और वार्ड 17 से भाजपा के कन्हैया लाल मीणा ने जीत दर्ज की। वार्ड 18 से कांग्रेस के बछराज और वार्ड 19 से भाजपा की कंचन बाई विजयी रहीं।
वार्ड 20 से भाजपा के मनीष कुमार सैनी, वार्ड 21 से कांग्रेस की हंसा गुर्जर, वार्ड 22 से हर्ष धाबाई और वार्ड 23 से ललिता कुमारी ने जीत हासिल की।
वार्ड 24 से कांग्रेस की कांता मीणा, वार्ड 25 से मोज़ी राम गुर्जर, वार्ड 26 से रामनारायण बैरवा और वार्ड 27 से दयाराम मेघवाल विजयी रहे।
जिला परिषद में कांग्रेस की इस बड़ी जीत के बाद जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड 14 में दोबारा होने वाली मतगणना के बाद सभी 27 सीटों के नतीजों की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
