बूंदी न्यूज: जेल में बंद हार्डकोर अपराधियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की जमीन अतिक्रमण मुक्त
केशवरायपाटन में पुलिस और KDA ने संयुक्त कार्रवाई कर दो हार्डकोर अपराधियों के कथित अवैध कब्जे हटाए। बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त कर करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। दोनों आरोपी चाकूबाजी मामले में जेल में बंद हैं।
विस्तार
बूंदी जिले के केशवरायपाटन में पुलिस और प्रशासन ने हार्डकोर अपराधियों के कथित अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बूंदी पुलिस और कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई में करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार केशवरायपाटन निवासी हार्डकोर अपराधी नूरुद्दीन उर्फ नूर मेसर और जिगर उर्फ खलील ने KDA की जमीन पर कथित रूप से अवैध निर्माण कर कब्जा कर रखा था। दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वर्तमान में चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद बताए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और केशवरायपाटन वृत्ताधिकारी अशोक जोशी के सुपरविजन में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद KDA की टीम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक कस्बे के मध्य खसरा नंबर 1625 और 1626 में KDA की जमीन और प्लॉट पर कथित अतिक्रमण किया गया था। इसके अलावा खसरा नंबर 1640/2 में मात्रा रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास करीब दो बीघा KDA की जमीन पर कमरे बनाकर कब्जा किए जाने की जानकारी सामने आई थी। टीम ने भूमि संबंधी दस्तावेजों और मौके की स्थिति की जांच के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की।
पढे़ं: राजस्थान सरकार ने 31 अगस्त तक रोकी पशुपतिनाथ यात्रा, नई तिथि की घोषणा का करना होगा इंतजार
गुरुवार को पुलिस और KDA की टीम मौके पर पहुंची तो बुलडोजर की मदद से कथित अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के बाद करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार नूरुद्दीन उर्फ नूर मेसर के खिलाफ कुल 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि जिगर उर्फ खलील के खिलाफ 14 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। दोनों को हार्डकोर अपराधी के रूप में चिन्हित किया गया है और वर्तमान में केशवरायपाटन में हुई चाकूबाजी की घटना के मामले में जेल में बंद हैं।
कार्रवाई के दौरान KDA के तहसीलदार छगनलाल, कोटा विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तरुण कांत सोमानी, केशवरायपाटन वृत्ताधिकारी अशोक जोशी, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह चारण सहित पुलिस बल और KDA की टीम मौजूद रही। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आपराधिक मामलों में कार्रवाई के साथ-साथ उनकी कथित अवैध गतिविधियों और सरकारी संपत्ति पर किए गए अतिक्रमण की भी जांच की जा रही है। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।