बीजेपी के विधायक ने कानून तोड़ने को कहा, बोले मत पहनो हेलमेट
राजस्थान के कोटा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक भवानी सिंह राजावत ने यह कहकर हंगामा खड़ा कर दिया है कि हेलमेट पहनना जरूरी नहीं है। उनका मानना है कि हेलमेट पहनने से सिर के बाल उड़ जाते हैं। सड़क सुरक्षा पर हुए एक सेमिनार में विधायक जी ने कहा कि वह हेलमेट पहनने को जरूरी बनाने के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने कहा केवल हाइवे पर हेलमेट पहनना जरूरी होना चाहिए। सभी जगहों के लिए नहीं। दरअसल उनका मानना है कि कोटा जैसे छोटे शहर में टू व्हीलर की स्पीड 20-30 की रहती है जिससे दुर्घटना होने की संभावना कम होती है।
एएसपी यातायात पर भड़के भवानी
वहीं कोटा के एएसपी यातायात ने इस समारोह में सड़क हादसों के आंकड़े बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि ज्यादातर मौत हेलमेट ना पहनने की वजह से होती हैं, राजावत ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि सरकार एसी रूम में बैठकर कानून बनाती है,जो वास्तविक्ता से परे है।
नेताजी के इस बयान के बाद विरोधी दलों ने विधायक जी को घेरने का मन बना लिया है। वहीं मौके की नजाकत को समझते हुए व्यापारी मंडल के नेता एमएलए साहब की बात पर सफाई देते दिखाई दिए,उन्होंने कहा कि भवानी सिंह तो सिर्फ कोटा की बात कर रहे हैं जिसका गलत मतलब निकाला जा रहा है।