बिंदायका मर्डर का खुलासा: चाची से लिव-इन था हत्यारा, अवैध संबंधों के शक में हत्या और फिर शव दफना दिया
जयपुर के बिंदायका में गर्भवती महिला की हत्या कर शव घर के आंगन में दफनाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने अवैध संबंधों के शक में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया।
विस्तार
बिंदायका थाना इलाके की प्रेस्टिज गार्डन कॉलोनी में गर्भवती महिला की हत्या कर शव घर के आंगन में दफनाने के मामले में पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने के शक में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को प्रेस्टिज गार्डन कॉलोनी के प्लॉट नंबर 160 के चौक में शव दबे होने की सूचना मिली थी। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मिट्टी हटाकर शव बाहर निकाला। मृतका की पहचान किरण रावत के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
एक हाथ से गला दबाया, दूसरे से मुंह-नाक दबाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ हिग्गु ने कथित तौर पर बताया कि वह किरण रावत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी के चलते उसने 23 सितंबर को महिला की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक हाथ से महिला का गला दबाया और दूसरे हाथ से उसके मुंह और नाक पर कपड़ा रख दिया। हत्या के बाद शव को उसी मकान के चौक में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
यह भी पढें- राजस्थान में बारिश का आखिरी दौर: आज तीन संभागों में मेघगर्जन के साथ बौछारें, तेज हवाओं के बाद बढ़ेगी गर्मी
शव दफनाने के बाद सामोद चला गया
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी सबूत मिटाने के लिए सामोद बालाजी की पदयात्रा में शामिल होकर वहां चला गया। 24 से 26 सितंबर तक वह अपनी फैक्ट्री में काम करता रहा। 27 सितंबर को उसे घटना का खुलासा होने का अंदेशा हुआ तो उसने फैक्ट्री मालिक से 500 रुपये किराये के लिए लिए और वहां से फरार हो गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पकड़ा
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का रूट ट्रेस किया। इसके बाद उसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवेश कुमार उर्फ हिग्गु (20) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले का रहने वाला है और जयपुर की प्रेस्टिज गार्डन कॉलोनी में किराये पर रह रहा था।