{"_id":"68d3d0bf9ee92757c003303f","slug":"bikaner-pots-broke-clothes-were-washed-the-water-supply-department-office-became-a-dhobi-ghat-a-unique-protest-by-women-against-the-water-crisis-bikaner-news-c-1-1-noi1354-3441733-2025-09-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bikaner Protest: जलदाय विभाग के दफ्तर में कपड़े धुले, मटकियां फूटीं; जल संकट को लेकर महिलाओं का अनूठा प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bikaner Protest: जलदाय विभाग के दफ्तर में कपड़े धुले, मटकियां फूटीं; जल संकट को लेकर महिलाओं का अनूठा प्रदर्शन
Thu, 25 Sep 2025 12:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बीकानेर
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 25 Sep 2025 12:24 AM IST
सार
Bikaner Protest: प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अगली बार वे कपड़े ही नहीं, बल्कि दाल-रोटी भी जलदाय विभाग के दफ्तर में पकाएंगी। इलाके के लोगों का कहना है कि अब धैर्य की सीमा टूट चुकी है और समस्या का स्थायी समाधान ही एकमात्र रास्ता है।
विज्ञापन
जल संकट को लेकर महिलाओं का अनूठा प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बीकानेर में पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं ने बुधवार को ऐसा प्रदर्शन किया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। जलदाय विभाग के दफ्तर में गुरुद्वारा कॉलोनी वार्ड 55 और लालगढ़ इलाके की महिलाएं खाली मटके लेकर पहुंचीं और गुस्से में मटकियां वहीं फोड़ दीं। इसके बाद महिलाओं ने दफ्तर में ही कपड़े धोना शुरू कर दिया। दफ्तर का नजारा कुछ समय के लिए धोबी घाट जैसा हो गया।
विज्ञापन
महिलाओं का फूटा गुस्सा
आरती, गुरुमीत, शांति देवी, परमजीत कौर, अमनप्रीत, राजेंद्र कौर और ऊषा सहित कई महिलाएं लंबे समय से पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशान थीं। उनका कहना था कि बार-बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार तंग आकर उन्होंने विरोध जताने का यह अनोखा तरीका अपनाया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी भी सुनाई।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- बच्चे मन के सच्चे: शिक्षा मंत्री के सामने विद्यार्थियों ने खोली MDM की पोल, अध्यापक करते रहे चुप रहने के इशारे
विज्ञापन
राजनीतिक समर्थन और विभाग का जवाब
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता जावेद परिहार भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि वार्ड 55 में काफी समय से पानी की आपूर्ति बाधित है और लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। विरोध का यह नया अंदाज देखकर जलदाय विभाग के अधिकारी भी हक्के-बक्के रह गए। आनन-फानन में अधिकारियों ने कर्मचारियों से बात की और पानी की सप्लाई आधा घंटा बढ़ाने का आश्वासन दिया। विभाग की ओर से सफाई दी गई कि इलाका ‘टेल एरिया’ में आता है, जिसके कारण आपूर्ति में दिक्कत हो रही है।
‘अगली बार दाल-रोटी भी दफ्तर में पकाएंगे’
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अगली बार वे कपड़े ही नहीं, बल्कि दाल-रोटी भी जलदाय विभाग के दफ्तर में पकाएंगी। इलाके के लोगों का कहना है कि अब धैर्य की सीमा टूट चुकी है और समस्या का स्थायी समाधान ही एकमात्र रास्ता है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: दो गांवों के कुओं से मिले युवकों के शव क्रेन से निकाले, आपस में है संबंध; UP से आए थे जयपुर