Balotra News: बालोतरा में कार की भीषण टक्कर से 300 मीटर दूर जा गिरा युवक, मौके पर मौत; चालक फरार
Balotra News: बालोतरा में हनुमान नाडी के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक 300 मीटर दूर जा गिरा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
बालोतरा शहर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। खेड़ रोड स्थित हनुमान नाडी के पास तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि एक युवक की मौके पर ही जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्कूटी सवार युवक करीब 300 मीटर दूर जा गिरा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात युवक स्कूटी से खेड़ की ओर से बालोतरा शहर की तरफ आ रहा था। देर रात का समय होने के बावजूद सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण स्कूटी चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरा। सड़क पर स्कूटी के टुकड़े बिखर गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सुजानिया नाडिया निवासी बगताराम के रूप में हुई है। जैसे ही हादसे की सूचना परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
तुरंत पहुंची एम्बुलेंस, पर नहीं बच सकी जान
मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पढ़ें- Rajasthan News: छोटी खाटू में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, बीएसएफ जवान के घर पर पेट्रोल बम हमला, 9 घायल
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय नाहटा अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। शुक्रवार पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेड़ रोड पर देर रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम बात है। कई बार इस मार्ग पर हादसे हो चुके हैं, लेकिन सख्त निगरानी के अभाव में लापरवाही जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.