{"_id":"64e4748e1dd3f4fd150e0f06","slug":"alwar-news-people-of-particular-community-attacked-padyatra-going-to-khatushyamji-temple-2023-08-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Alwar: खाटूश्यामजी मंदिर जा रही पदयात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने किया हमला, लोगों ने थाने का घेराव किया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Alwar: खाटूश्यामजी मंदिर जा रही पदयात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने किया हमला, लोगों ने थाने का घेराव किया
Tue, 22 Aug 2023 02:11 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 22 Aug 2023 02:11 PM IST
सार
अलवर जिले के रामगढ़ में श्री खाटूश्यामजी मंदिर जा रही पदयात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने हमला किया। आक्रोशित हिंदू संगठन के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
थाने का घेराव किए लोग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के नूंह मेवात में ब्रज धाम की जलाभिषेक यात्रा के दौरान फैले हिंसा का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब उसी मेवात इलाके से सटे राजस्थान के रामगढ़ उपखंड के गांव पिपरोली में खाटूश्यामजी मंदिर की पदयात्रा पर विशेष समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया।
विज्ञापन
धार्मिक यात्रा में शामिल भक्तों के साथ ही बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ भी मारपीट कर दी गई। धार्मिक यात्रा के पोस्टरों को पैरों तले कुचल दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस घटना में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है और पुलिस माहौल को शांत बनाने में लगी हुई है। वहीं, हिंदूवादी संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए रामगढ़ थाने का घेराव किया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ कस्बे के छोटी बावड़ी से हर साल की तरह इस बार भी 14वीं पदयात्रा 21 अगस्त को खाटूश्याम जी रींगस के लिए रवाना हुई। डीजे की धुन पर श्याम बाबा के भजनों पर महिलाएं श्याम भक्त यात्रा के साथ पैदल चल रही थीं तो अचानक पिपरोली गांव के समीप चौकी बास के पास बाइक पर आए तो समाज विशेष के दो युवक यात्रा में शामिल श्याम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और यात्रा में व्यवधान डालने के उद्देश्य से अंदर घुस गए और पद यात्रा की बस के आगे बाइक लगा दी।
विज्ञापन
जब बस चालक ने बाइक हटाने के लिए कहा, तो दोनों ने दबंगई दिखाते हुए बस चालक के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी और यात्रा के दौरान बस में लगे धार्मिक पोस्टर्स को पैरों तले कुचलकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाया। घटना की सूचना पर डीएसपी हरेंद्र शर्मा और थानाधिकारी राजपाल चौधरी मौके पर पहुंचे। जहां पर विवाद को बढ़ता देख मौक से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आए।
धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
जैसे ही घटना की भनक कस्बे में फैली तो श्याम सखा मंडल और हिंदू संगठन के लोग भारी संख्या में थाने का घेराव करने पहुंच गए। हिंदू संगठन के लोगों ने रामगढ़ से कांग्रेस विधायक साफिया ज़ुबैर खान और मेवात विकास बोर्ड चेयरमैन जुबेर खान के खिलाफ थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। श्याम सखा मंडल के अध्यक्ष जवाहर तनेजा ने रिपोर्ट दी, तो पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना और मारपीट विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भाजपा नेता देवेंद्र दत्त ने बताया कि श्याम बाबा की पदयात्रा को समाज विशेष के युवकों ने खंडित करने का अपराध किया है, यह बर्दाश्त करने लायक नहीं है। यदि ऐसे समाजकंटक लोग हिंदुओं की भावनाओं के साथ खेलेंगे तो रामगढ़ क्षेत्र में भी नूंह की तरह हिंसा फैल सकती है। यह हम नहीं चाहते कि यहां भी नूंह की तरह माहौल खराब हो।
बीजेपी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के बेटे और बीजेपी नेता जय आहूजा ने कहा कि यह घटना निंदनीय है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, ऐसे प्रयास पुलिस प्रशासन को करना चाहिए। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस घटना में शामिल दोनों युवकों के खिलाफ गैर जमानती धाराएं लगाकर मुकदमा दर्ज किया जाए, जिससे इस इलाके में कोई भी धार्मिक भावनाएं आहत न कर सके। थानाधिकारी राजपाल चौधरी का कहना है कि घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। दी गई रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।