अजमेर: रेलवे अफसर की पत्नी पर अपहरण करवाने का आरोप, 51 लाख रुपये की मांग; 130 CCTV फुटेज से खुला राज
अजमेर में रेलवे भर्ती बोर्ड के मुख्य कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार मीणा के अपहरण का पुलिस ने खुलासा किया है। 21 अगस्त को रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय से बांदीकुई के लिए रवाना होने के बाद रवि मीणा घर नहीं पहुंचे थे। उनकी मां ने 22 अगस्त को सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर के मुख्य कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार मीणा के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रवि मीणा का 21 अगस्त को अपहरण हुआ था। चार दिन तक लगातार तलाश और 130 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने रवि मीणा का अपहरण कर 51 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस अब इस वारदात में शामिल सभी लोगों की पहचान और पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
22 अगस्त को दर्ज हुई थी गुमशुदगी और अपहरण की रिपोर्ट
अजमेर नॉर्थ सीओ शिवम जोशी ने बताया कि 22 अगस्त को रवि मीणा की मां सामंती देवी ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, रवि मीणा 21 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय से बांदीकुई के लिए रवाना हुए थे, लेकिन अगले दिन तक घर नहीं पहुंचे।
इसके बाद परिजनों ने रवि की पत्नी सुमित्रा, भाई महेंद्र पालाराम, पिता छुट्टन मीणा, इंद्राज मीणा, पवन मीणा और रघुनाथ सहित अन्य लोगों पर अपहरण की आशंका जताई थी। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अजमेर शहर में लगे 130 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की CDR का भी विश्लेषण किया गया।
फॉर्च्यूनर की तलाश से मिली अहम कड़ी
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध फॉर्च्यूनर वाहन RJ 60 CH 0484 की तलाश शुरू की। अजमेर से जयपुर जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए वाहन की गतिविधियों को ट्रेस किया गया। रवि मीणा की तलाश में पुलिस की टीमें बांदीकुई, दौसा सदर और टहला थाना क्षेत्रों तक पहुंचीं। टीम ने रवि के निवास स्थान और नामजद आरोपियों के गांव आमटेडा में भी पूछताछ की। तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस रवि मीणा तक पहुंचने में सफल रही और उन्हें आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया।
51 लाख की फिरौती मांगने का आरोप
पुलिस ने रवि कुमार मीणा को बरामद करने के बाद उनसे पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने उनका अपहरण कर 51 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और अपहरण की पूरी साजिश कैसे रची गई थी। पुलिस आरोपियों के बीच आपसी संबंध और वारदात में इस्तेमाल किए गए संसाधनों की भी जांच कर रही है।
पत्नी से पारिवारिक न्यायालय में चल रहा मामला
पूछताछ में रवि मीणा ने बताया कि उनका अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक न्यायालय में मामला चल रहा है। इसी पारिवारिक विवाद के बीच अपहरण की घटना सामने आने से पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बना रही है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।