{"_id":"6a0d7c6444dc93e466004e15","slug":"ajmer-police-nabbed-a-notorious-vehicle-thief-after-scanning-200-cctv-footage-and-recovered-22-two-wheelers-ajmer-news-c-1-1-noi1334-4302489-2026-05-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ajmer News: राज्यभर में वाहन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाश तक पहुंची पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ajmer News: राज्यभर में वाहन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाश तक पहुंची पुलिस
Wed, 20 May 2026 10:17 PM IST
अजमेर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर
Published by: अजमेर ब्यूरो
Updated Wed, 20 May 2026 10:17 PM IST
सार
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच अजमेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कई जिलों में वारदात करने वाले शातिर आरोपी को पकड़कर 22 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।
विज्ञापन
शातिर वाहन चोर पुलिस की गिरफ्त में
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर राज्य स्तर पर दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कुल 22 बाइक और स्कूटियां बरामद की गई हैं। आरोपी लंबे समय से अजमेर, पाली, जोधपुर, ब्यावर और मसूदा क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
विज्ञापन
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी जैसी वारदातों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
विज्ञापन
बस स्टैंड से बाइक चोरी के बाद खुला पूरा नेटवर्क
मामले की शुरुआत 12 मई 2026 को हुई, जब घुघरा घाटी निवासी जितेंद्र प्रजापत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बाइक प्राइवेट बस स्टैंड स्थित महादेव ढाबे के सामने से चोरी हो गई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
थानाधिकारी अनिल देव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने शहरभर के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अभय कमांड सेंटर, निजी प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक भवनों के कैमरों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। लगातार तीन दिन तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी जिताराम उर्फ पावणा निवासी निमली मंडा, थाना सिरयारी जिला पाली को दुपहिया वाहन चोरी की फिराक में दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
अलग-अलग जिलों से चोरी किए थे वाहन
पूछताछ में आरोपी ने कई वाहन चोरी की वारदातें कबूल कीं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों की 22 बाइक और स्कूटियां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि ये वाहन अजमेर, पाली, जोधपुर, ब्यावर और मसूदा क्षेत्र से चोरी किए गए थे।
पुलिस से बचने के लिए मोबाइल तक नहीं रखता था
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर है और कानून की बारीकियों की भी अच्छी जानकारी रखता है। उसके खिलाफ अब तक चोरी, नकबजनी और जुआ अधिनियम सहित कुल 18 मामले दर्ज हैं। मारवाड़ जंक्शन थाने में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला भी दर्ज है।
आरोपी वाहन चोरी करने से पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी करता था। मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर बाइक चोरी करता और उसे कुछ समय तक सूनसान जगह पर छिपाकर रखता था। बाद में वाहन और उसके पार्ट्स बेचकर महंगे शौक पूरे करता था। पुलिस से बचने के लिए वह किसी भी प्रकार के संचार माध्यम का इस्तेमाल नहीं करता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पीसी रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।