अजमेर: बांग्लादेशी घुसपैठिया जाहिद दस्तयाब, 29वीं कार्रवाई में 67 पकड़े गए
अजमेर पुलिस ने दरगाह क्षेत्र से 35 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक जाहिदुल उर्फ जाहिद को दस्तयाब किया है। इस अभियान में अब तक 67 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े जा चुके हैं।
विस्तार
अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध रूप से भारत में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को दस्तयाब किया है। पुलिस और सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई दरगाह क्षेत्र से की। जिले में बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ यह 29वीं बड़ी कार्रवाई है, जिससे अब तक कुल 67 लोग पकड़े जा चुके हैं।
दस्तयाब किए गए 35 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक का नाम जाहिदुल उर्फ जाहिद है। वह मोहम्मद रूबिजलहक का पुत्र और बांग्लादेश के जमालपुर जिले का निवासी है। मुखबिर की सूचना पर दरगाह क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाकर जाहिद को पकड़ा गया। 16 नवंबर 2026 को उसे अवैध रूप से भारत में निवास करने के आधार पर दस्तयाब किया गया। उसने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक और अवैध प्रवेश स्वीकार किया है। पुलिस उससे गहनता से पूछताछ कर रही है।
भारत में कहां से किया आया
जाहिद ने वर्ष 2011 में बांग्लादेश के बेनापोल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिये दिल्ली पहुंचा और करीब छह महीने दिल्ली में रहा। इसके बाद वह हरिद्वार चला गया, जहां लगभग एक साल तक जीवनयापन किया। वर्ष 2013-14 में वह अजमेर पहुंच और दरगाह शरीफ क्षेत्र में रहने लगा। रोजगार की तलाश में वह बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और गुजरात सहित कई शहरों में भी रहा।
आगे की कार्रवाई
करीब दो-तीन साल अलग-अलग शहरों में बिताने के बाद जाहिद वापस अजमेर आ गया। वह अजमेर के दरगाह क्षेत्र में ही अपना ठिकाना बनाए हुए था। पुलिस उसके भारत में रहने, विभिन्न शहरों में आवाजाही और अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान और नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
