घने कोहरे की चपेट में पंजाब: शीतलहर से कंपकंपाए लोग, फरीदकोट सबसे ठंडा; धुंध से उड़ानें प्रभावित
पंजाब में सोमवार की सुबह भी घने कोहरे में लिपटी आई। रविवार को होशियारपुर, गुरदासपुर, लुधियाना और पटियाला का तापमान सामान्य से नीचे रहा। अमृतसर और पठानकोट में दृश्यता शून्य रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन और कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं।
अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन अमृतसर (14.8 डिग्री), लुधियाना (18.2 डिग्री) और पटियाला (18.4 डिग्री) सामान्य से नीचे रहे। सबसे अधिक तापमान अबोहर में 22.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने जनता से शीतलहर और घने कोहरे में यात्रा करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
न्यूनतम तापमान
फरीदकोट: 3.4°होशियारपुर: 3.9°
गुरदासपुर: 4.0°
लुधियाना: 4.4°
पटियाला: 4.6°
बठिंडा: 6.0°
अमृतसर में उड़ानें व यातायात प्रभावित
सोमवार को घने कोहरे और शीत लहर के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह के समय शहर और आसपास के इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर सीधा असर पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार ठंड में और बढ़ोतरी दर्ज की गई है।पिछले 24 घंटों में अमृतसर के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।
मौसम विभाग ने सुबह और रात के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली, मुंबई और पुणे से आने वाली कुछ उड़ानें देरी से पहुंचीं, जबकि दिल्ली सहित अन्य शहरों के लिए जाने वाली कम से कम चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर और नए साल के पहले दिन हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
कोहरे के कारण कार और ट्रक की टक्कर
सुनाम-पटियाला मुख्य मार्ग पर गांव मर्दखेड़ा के समीप घने कोहरे के कारण एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज पटियाला के अस्पताल में चल रहा है। सहायक थानेदार देस राज और रवेल सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब खनौरी की ओर से एक ट्रक सुनाम की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मानसा की ओर से आ रही एक कार (जिसमें मां-बेटा सवार थे) कोहरे के कारण ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मां-बेटा अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही 'रोड सेफ्टी फोर्स' की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुनाम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए अरमनजोत सिंह और उसकी माता सिमरनदीप कौर (42) पत्नी चमकौर सिंह निवासी गांव ठुठियां (मानसा) को पटियाला रेफर कर दिया। सिमरनदीप कौर ने पटियाला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अरमनजोत सिंह की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।