पटियाला पहुंचे सुखबीर सिंह बादल बोले- जलालपुर और कंबोज के खिलाफ दर्ज किया जाए मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मांग की है कि पटियाला जिले के कांग्रेसी विधायकों मदन लाल जलालपुर और हरदयाल सिंह कंबोज के खिलाफ शराब और रेत माफिया के साथ मिलीभगत का आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी अपने विधायकों को अवैध शराब का कारोबार चलाने की पूरी छूट देने का आरोप लगाया।
पटियाला के घग्गर सराय में शराब की अवैध भट्टी के सामने भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि मदनलाल जलालपुर अवैध शराब के गिरोह का प्रमुख था तथा मुख्यमंत्री उसे तथा हरदयाल कंबोज को सरेआम संरक्षण दे रहे हैं तथा राज्य में अवैध शराब के कारोबार की सीबीआई जांच के आदेश से इंकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शराब माफिया की ताकत ऐसी है कि कांग्रेस सरकार ने घन्नौर अवैध डिस्टलरी केस से संबधित फाइलें प्रवर्तन निदेशालय को सौंपने से इंकार कर दिया था। यहां तक कि एसएसपी के साथ आबकारी अधिकारियों को जो इस केस में छानबीन कर रहे थे, उन्हें हटा दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल के सत्ता में आने के बाद इस मुद्दे की व्यापक जांच का आदेश देंगे और जलालपुर से अवैध धन प्राप्त करके राज्य के खजाने में जमा करवाएंगे।
इस स्थिति के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए बादल ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस सरकार हाल ही में हुई जहरीली शराब त्रासदी के बावजूद जानबूझकर कोई कार्रवाई नही कर रही है। उन्होंने कहा कि शराब माफिया ने जाहिर तौर पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस आलाकमान से समझौता किया था, क्योंकि माफिया ने पार्टी हाईकमान को भी पैसा दिया हुआ है।
बादल ने कहा कि जब तक जहरीली शराब बांटने वालों को सलाखों के पीछे नही डाला जाता तब तक अकाली दल चैन से नहीं बैठेगा। कहा कि पार्टी इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत मामला सुनिश्चित करने के लिए सभी विकल्पों का भी उपयोग करेगी। हम शराब माफिया को कच्ची शराब वितरित करने वाले डिस्टिलरी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की भी मांग करेंगे।
सुखबीर बादल को काले झंडे दिखाने पहुंचे कांग्रेसी
शिरोमणि अकाली दल बादल के धरने में शामिल होने पहुंचे सुखबीर बादल को काले झंडे दिखाने के लिए विधायक मदन लाल जलालपुर की अगुवाई सैकड़ों कार्यकर्ता अंबाला रोड पहुंचे। वहीं सुखबीर बादल अपने काफिले के साथ दूसरे रास्ते से धरनास्थल पर पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ता घंटों उनका इंतजार करते रहे।
विधायक जलालपुर ने आरोप लगाया कि शराब कांड के लिए सुखबीर बादल जिम्मेदार हैं। उनकी संलिप्तता मिलती है तो वह इस्तीफा देने को तैयार हैं। जलालपुर ने कहा कि जब तक पुलिस स्टेशनों का सारा स्टाफ नहीं बदला जाता यह धंधा बंद नहीं हो सकता। बीबी मुखमेलपुर और चंदूमाजरा इलाके में करवाए गए विकास कार्यों से घबराकर इस तरह के कार्य कर विकास कार्यों में रुकावट डालना चाहते हैं।।