मोहाली। अमेरिका से डिपोर्ट भारतीय युवाओं की मदद के लिए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने नई पहल की है। राज्यसभा सदस्य एवं चांसलर सतनाम सिंह संधू ने ऐसे युवाओं की मुफ्त काउंसिलिंग, कॅरिअर मैपिंग, उच्च शिक्षा के अवसर, कौशल विकास, कौशल पाठ्यक्रम और स्थानीय उद्योगों में उपयुक्त रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए पुनर्वास कार्यक्रम ‘उड़ान’ शुरू करने की घोषणा की है। मंगलवार को इस संबंध में यूनिवर्सिटी ने एक हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट शुरू की है।
यह सभी युवाओं को आवश्यक मदद प्रदान करेगी। संधू ने कहा कि युवा हेल्पलाइन नंबर की मदद से चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से संपर्क कर सकते हैं। इसके तहत न केवल वापस लाए गए युवाओं को निर्वासन से उत्पन्न आघात से बाहर आने और भविष्य के लिए उनकी कॅरिअर आकांक्षाओं को समझने में मदद करने के लिए परामर्श प्रदान करेंगे, बल्कि उनके कौशल स्तरों का आकलन करने के लिए मानचित्रण भी किया जाएगा। अमेरिकी सैन्य विमान से वापस लाए गए 333 लोगों में से पंजाब के निवासी कुल 126 (37.8 प्रतिशत) हैं, इसके बाद पड़ोसी राज्य हरियाणा से 110 और गुजरात से 74 लोग हैं। अन्य उत्तर-प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, गोवा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर से एक-एक व्यक्ति थे।