मोहाली। गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल 19, 21, 22 और 24 जनवरी को सरकारी कॉलेज परिसर में करवाई जाएगी। यह समारोह 26 जनवरी को शहीद मेजर (शौर्य चक्र) हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज फेज-6 में आयोजित किया जाएगा। सोमवार को डीसी कोमल मित्तल ने जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां, मेडिकल सुविधाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय कीं।
उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सुनियोजित तैयारी पर जोर देकर कहा कि समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से किया जाना चाहिए। पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण और बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़ी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करें, ताकि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और महत्व को बनाए रखा जा सके। बैठक में एडीसी अनमोल सिंह धालीवाल और गीतिका सिंह, एसडीएम दमनदीप कौर, मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी गुरमीत सिंह, सचिव आरटीए राजपाल सिंह, एसीए जीएमएडीए अमरिंदर सिंह मल्ही सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।