नयागांव। एक दुकानदार की होशियारी से एक चोर हवालात पहुंच गया। कारों से सामान चुराकर चोर उसी दुकान पर बेचने पहुंच गया, जहां से कार मालिक ने खरीदा था। दुकानदार ने सामान पहचाना और पुलिस बुला ली। चोर नया गांव निवासी अमजद है। नया गांव पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। उधर, परिजनों का कहना है कि नशे का आदी होने के कारण वे पहले ही अमजद को संपत्ति से बेदखल कर चुके हैं।
दशमेश नगर निवासी संजय, बंटू और सूरजभान ने बुधवार रात अपनी गाड़ियां डाकघर दफ्तर के पास खाली प्लॉट में खड़ी की थीं। वीरवार सुबह उनके शीशे टूटे मिले। कारों से एंप्लीफायर, महंगे स्पीकर, ब्लूटूथ व पेन ड्राइव गायब थे। कार मालिकों ने मोहाली कंट्रोल रूम को सूचित किया, लेकिन कोई मुलाजिम नहीं आया। इस बीच अमजद चंडीगढ़ सेक्टर-18 मार्केट में उसी दुकान पर सामान बेचने पहुंच गया, जहां से बंटू ने खरीदा था। दुकानदार ने सामान पहचान लिया। उसने उक्त सामान अपने पास रख लिया और चोर को बातों में उलझाकर पुलिस बुला ली। आरोपी ने चंडीगढ़ पुलिस को बताया, वारदात में जनता कालोनी के दो और युवक भी शामिल थे।