मोहाली। खेल विभाग की तरफ से गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिले में ब्लॉक स्तरीय नेशनल स्टाइल कबड्डी मुकाबले वीरवार को शुरू करवाए गए। ये मुकाबले लड़के और लड़कियों के आयु वर्ग 14, 18 और 25 में करवाए जाएंगे। पहले दिन ब्लॉक माजरी, खरड़ व डेराबस्सी में मैच करवाए गए। कार्यकारी जिला खेल अफसर सुरजीत सिंह ने बताया कि माजरी के कबड्डी मुकाबले खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुराली में करवाए गए, जहां लड़कियों के आयु वर्ग 14 में सरकारी स्कूल माजरा ने सरकारी स्कूल फांटवा व सरकारी स्कूल तीड़ा ने सरकारी स्कूल झिंगड़ा कलां को हराया। इसी तरह लड़कों के आयु वर्ग 14 में सरकारी स्कूल फतेहपुर ने सरकारी स्कूल सलामतपुर और सरकारी स्कूल होशियारपुर ने सरकारी स्कूल मोहाली को पराजित किया।
खरड़ के कबड्डी मुकाबले खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाए गए, जहां लड़कियों के आयु वर्ग 14 में रुड़की पुख्ता स्कूल ने रायपुर स्कूल की टीम को हराया। लड़कों के आयु वर्ग 18 में कबड्डी मुकाबलों में सरकारी स्कूल घंड़ूआं ने नया शहर स्कूल को व दाऊं स्कूल ने मुल्लांपुर स्कूल को हराया। डेराबस्सी के कबड्डी मुकाबले सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लालड़ू में करवाए गए। लड़कियों के आयु वर्ग 14 में गुरु नानक स्कूल धर्मगढ़ ने पहला, सरकारी मिडल स्कूल कुरड़ी ने दूसरा व सरकारी कन्या स्कूल लालड़ू ने तीसरा स्थान हासिल किया।