मोहाली। जिले में डेंगू का कहर अभी कम नहीं हुआ और बुखार से पीड़ित मरीजों की करवाई जांच में 14 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि करते हुए सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि डेंगू संदिग्ध 25 मरीजों की विभाग की टीम ने जांच की, इसमें 14 लोग डेंगू पीड़ित पाए गए। दूसरी ओर संबंधित मरीजों के क्षेत्र में विभाग की ओर से फॉगिंग शुरू करने के अलावा लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिले में अब तक डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 3746 पहुंच चुका है और 1115 मामले में मात्र नवंबर के 20 दिन में सामने आए है, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। जबकि अक्तूबर ऐसा महीना है, जिसमें सबसे ज्यादा 2260 लोग डेंगू मच्छर की चपेट में आकर पॉजिटिव हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जिले में डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या को देखते हुए सिविल अस्पताल में अलग से वार्ड की व्यवस्था की गई, जिससे मरीजों को इलाज के लिए मुश्किलों को सामना न करना पड़े। इसके अलावा डाक्टरों की तैनाती 24 घंटे की गई, ताकि बुखार से पीड़ित मरीज तुरंत डाक्टरी सलाह लेकर अपना इलाज शुरू कर सकें। जबकि विभाग की ओर से घर-घर जाकर डेंगू पीड़ित मरीजों की पहचान के लिए आशा वर्कर को लगाया गया है और साथ सेहत विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों के घरों से मिलने वाले डेंगू के लारवा को नष्ट किया। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने कहा कि घर में और बाहर निकलते समय भी शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें, जिससे डेंगू का मच्छर शहर पर न काटे।