डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर बुधवार देर शाम को सड़क हादसे में पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस ने शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाकर कार्रवाई शुरू करवा दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को एक वोल्वो एसयूवी कार अंबाला की ओर से आ रही थी। हाईवे पर स्थित ज्योति होटल के सामने कार ने पैदल सड़क पार कर रहे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। जख्मी व्यक्ति को सिविल अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मृतक की जेब से पुलिस मोबाइल फोन मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह घुम्मन ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।