बनूड़/लांडरां। जीरकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव कनौड़ के पास स्थित ग्रीन वैष्णो ढाबे पर एक्साइज विभाग ने छापा मार कर 1000 लीटर से ज्यादा स्प्रिट बरामद कर नौकर को गिरफ्तार किया है। ढाबा मालिक फरार हो गया। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एक्साइज विभाग के डीएसपी तेजिंदर सिंह धालीवाल की अगुवाई में टीम ने ग्रीन वैष्णो ढाबे पर सोमवार शाम को छापा मारा। यह कार्रवाई रात 10 बजे तक जारी रही। अधिकारियों ने पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी। डीएसपी ने बताया कि उनको ढाबे पर चल रहे गैरकानूनी धंधे की सूचना मिली थी। उक्त ढाबे को जगदीप सिंह पुत्र बहादुर सिंह वासी सेखनमाजरा और राणा पुत्र केहर सिंह गांव कनौड़ चला रहे हैं। इस धंधे में केहर सिंह मदद करता है। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत जगदीप सिंह, राणा, केहर सिंह और महेश समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।