जीरकपुर। बलटाना गांव की रहने वाली एक महिला से दिनदहाड़े बाली झपटने का मामला सामने आया है। घटना के-एरिया के पास हुई, जहां एक युवक ने महिला पर अचानक हमला कर उसके कान से सोने की बाली झपट ली। हमले में महिला का कान बुरी तरह जख्मी हो गया और खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घायल महिला की पहचान जिसवा कौर के रूप में हुई है। महिला के जानकार दिलबाग सिंह कंबोज ने बताया कि जिसवा कौर ढकोली एक डिस्पेंसरी में दवाई लेने गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि डिस्पेंसरी के बाहर अक्सर कुछ नशेड़ी युवक बैठे रहते हैं।
शक है कि वहीं से एक युवक महिला के पीछे लग गया। जब महिला के-एरिया के पास पहुंची तो आरोपी ने अचानक झपट्टा मारकर उसके कान से बाली खींच ली। बाली झपटते ही महिला के कान पर लंबा कट लग गया। इससे खून बहने लगा। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। बाद में महिला ने अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध तत्वों पर कार्रवाई की मांग की है।