{"_id":"618a539a4376e32752495126","slug":"sikh-unions-blocked-samrala-chowk-in-ludhiana","type":"story","status":"publish","title_hn":"लुधियाना: गुरु नानक देव जी को अपशब्द बोलने वाले की गिरफ्तारी की मांग पर समराला चौक जाम, घंटों हलकान रहे लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लुधियाना: गुरु नानक देव जी को अपशब्द बोलने वाले की गिरफ्तारी की मांग पर समराला चौक जाम, घंटों हलकान रहे लोग
Tue, 09 Nov 2021 04:26 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लुधियाना (पंजाब)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लुधियाना (पंजाब)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Tue, 09 Nov 2021 04:26 PM IST
सार
सोशल मीडिया पर श्री गुरु नानक देव जी और उनके पिता के बारे में अपशब्द बोलने के आरोप में पुलिस ने पूर्व भाजपा नेता अनिल अरोड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
लुधियाना में सिख जत्थेबंदियों ने राेका रास्ता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
श्री गुरु नानक देव जी और उनके पिता के बारे में अपशब्द बोलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अनिल अरोड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को एक बार फिर सिख जत्थेबंदियों ने लुधियाना में समराला चौक जाम कर दिया। इस बार समराला चौक हर तरफ से जाम किया गया और रस्सी व बैरिकेड लगाकर रास्ते पूरी तरह से बंद कर दिए गए। साथ ही सिख जत्थेबंदियों के नेता वहां टेबल की स्टेज बनाकर प्रदर्शन के लिए बैठ गए।
विज्ञापन
एकदम से समराला चौक बंद होने से आम लोगों को काफी परेशानी हुई। लोग रास्ते के लिए सिख जत्थेबंदियों के सदस्यों के साथ बहस करते रहे। पास में कई थानों की पुलिस और आलाधिकारी खड़े थे। लोग निकलने को लेकर कहते रहे कि उन्हें जरूरी काम से जाना है, लेकिन सिख जत्थेबंदियों की तरफ से कोई बात नहीं मानी गई और पुलिस ने भी उन्हें नहीं रोका। पुलिस मुलाजिम खुद लोगों को रास्ता बदलने के लिए कहते रहे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें - बिगड़ रही आबोहवा: दीपावली के बाद भी पंजाब में पांच जिलों की हवा खराब, पटियाला में हालात बदतर
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर श्री गुरु नानक देव जी और उनके पिता के बारे में अपशब्द बोलने के आरोप में थाना डिवीजन तीन में पूर्व भाजपा नेता अनिल अरोड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में धाराएं बढ़ाईं और अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। सिख जत्थेबंदियों की तरफ से पहले दिन भी धरना दिया गया था। उस समय पुलिस की तरफ से समय देने की मांग की गई थी। बार-बार समय की मांग के बाद भी अनिल अरोड़ा गिरफ्तार नहीं हो रहा था। इसके बाद सिख जत्थेबंदियों की तरफ से मंगलवार को फिर से समराला चौक जाम कर दिया गया।
निहंग जत्थेबंदियों की अगुवाई कर रहे भाई दमनप्रीत सिंह ने बताया कि प्रशासन अपनी तरफ से लगा हुआ है, लेकिन हर बार टाल मटोल की जाती है। यह आश्वासन दिया जाता है कि उसके साथियों को काबू कर लिया गया है। मुख्य आरोपी अभी फरार है।
अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए लोग करते रहे मशक्कत
सुबह लोग अपने काम पर जाने के लिए घरों से निकले तो सिख और निहंग जत्थेबंदियों की तरफ से जाम लगा दिया गया। लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए इधर उधर भटकते रहे और बहस करते रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत चंडीगढ़ रोड स्थित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आई। बच्चों को ले जाने वाले परिजनों को घूम कर स्कूलों में जाना पड़ा।