फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Ludhiana News ›   Punjab congress President Navjot sidhu spoke about farmers in Rally at Raikot of Punjab

रायकोट में सिद्धू: किसानों को साधने की जुगत में दिखे पंजाब कांग्रेस प्रधान, बेअदबी-नशा मामले पर ठंडे रहे तेवर

Thu, 16 Dec 2021 03:39 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा/लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा/लुधियाना (पंजाब) Published by: निवेदिता वर्मा Updated Thu, 16 Dec 2021 03:39 PM IST
सार

पंजाब में बेअदबी मामले को लेकर हमेशा अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करने वाले सिद्धू अब बैकफुट पर आ चुके हैं। रैली में सिद्धू ने कहा कि बेअदबी के दोषियों को सजा अब आम जनता देगी। इसके लिए वह पंजाब के हर व्यक्ति के दिल और दिमाग में दस्तक देंगे।

विज्ञापन
Punjab congress President Navjot sidhu spoke about farmers in Rally at Raikot of Punjab
रायकोट में रैली को संबोधित करते नवजोत सिद्धू। - फोटो : twitter @sherryontopp

विस्तार

किसान आंदोलन खत्म होने के बाद अब कांग्रेस सरकार किसान वोट बैंक को साधने में जुट गई है। गुरुवार को लुधियाना के हलका रायकोट में आयोजित रैली के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रधान नवजोत सिद्धू ने कहा कि फसलों पर एमएसपी को हर हाल में कानूनी रूप दिया जाएगा।

विज्ञापन


पंजाब सरकार किसानों को फसलों पर एमएसपी देगी। उदाहरण देते हुए सिद्धू ने समझाया कि मक्की पर एमएसपी 16 सौ रुपये है, लेकिन बाजार में किसानों को 800 रुपये प्रति क्विंटल रेट मिलता है। ऐसे में बाकी 800 रुपये पंजाब सरकार किसानों को देगी। इसी तरह दाल, तेल, बीज सहित सभी फसलों पर पंजाब सरकार किसानों को एमएसपी देगी। इशारे में सिद्धू ने किसानों को समझाते कहा कि पंजाब सरकार किसानों को यह बताएगी कि कौन सी फसल लगानी है। गुरुवार को रायकोट में सांसद अमरजीत सिंह के बेटे कामिल अमरजीत सिंह बोपाराय की तरफ से एक रैली आयोजित की गई थी। वह रायकोट से टिकट की दावेदारी जता रहे हैं। 
विज्ञापन


प्रदेश प्रधान सिद्धू ने किसानों को दूसरा सब्जबाग दिखाते कहा कि पंजाब स्टेट वेयर हाउस के अंतर्गत जितने भी गोदाम पंजाब में है, उन पर किसानों को हक दिया जाएगा। किसान जैसे अपना सूखा अनाज इन गोदाम में रखेंगे, उन्हें पंजाब सरकार तुरंत 80 फीसदी भुगतान करेगी। अगर एक माह या दो माह बाद बाजार में उस फसल का दाम बढ़ जाता है, तो किसान उसे आसानी से बेचकर पैसा कमा सकता है। पंजाब के लोगों की तरफ से टैक्स के रूप में दिए जाने वाले पैसे को विकास के रूप में दोगुना कर लौटाने पर सिद्धू ने कहा कि इसके लिए साल 2022 में उनकी सरकार आने के बाद रेत, शराब, केबल और बस माफिया पर लगाम कसने के लिए निगम बनाए जाएंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

फिर जागा सिद्धू का पाकिस्तानी प्रेम

लाख विवादों के बावजूद कांग्रेस प्रदेश प्रधान सिद्धू के दिल से पाकिस्तान के प्रति प्रेम कम नहीं हो रहा है। रायकोट में एक बार फिर पाकिस्तान के प्रति उनका प्रेम जाग उठा। सिद्धू ने कहा कि जब करतारपुर कॉरिडोर खुलने के बाद हजारों लोग वहां दर्शन कर आ सकते हैं, तो यहां की फसलें वहां बिकने क्यों नहीं जा सकती हैं। सिद्धू ने यहां तक कह डाला कि यहां तीन हजार रुपये क्विंटल बिकने वाली फसल को अगर बॉर्डर पर रख दिया जाए तो उसका दोगुणा दाम मिल सकता है। 

बेअदबी और ड्रग्स मामले में सिद्धू बैकफुट पर 

पंजाब में बेअदबी मामले को लेकर हमेशा अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करने वाले सिद्धू अब बैकफुट पर आ चुके हैं। रैली में सिद्धू ने कहा कि बेअदबी के दोषियों को सजा अब आम जनता देगी। इसके लिए वह पंजाब के हर व्यक्ति के दिल और दिमाग में दस्तक देंगे। हमेशा ड्रग्स रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की बात कहने वाले सिद्धू इस मामले में भी पीछे हटते नजर आए। सिद्धू ने कहा कि ड्रग्स के बारे में पंजाब के हर व्यक्ति को पता है। इसके पीछे कौन लोग है। इसलिए अब जनता इसका फैसला करेगी। 

सुखबीर को घेरते अपनी सरकार पर लगा गए निशाना 

अपने अंदाज में कांग्रेस सरकार पर निशाना लगाने वाले सिद्धू गुरुवार को पूरी तरह से चुप्पी साधे रहे, हालांकि सुखबीर बादल पर निशाना लगाते हुए वे अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा कर ही गए। सुखबीर बादल को सबसे बड़ा गप्पी बताते हुए सिद्धू ने कहा कि वह पानी में बसें चलाकर लोगों को सब्जबाग दिखा रहे थे। पंजाब में बम निरोधी सड़कें बनाने का दावा करते थे लेकिन आज गांव में जाकर सड़कों को हाल देख लो यह नहीं पता चलता कि गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढा। हालांकि सिद्धू यह बात भूल गए कि पांच साल से पंजाब में कांग्रेस की ही सरकार है। ऐसे में सड़कों की हालत सुधारने की जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार की थी।

सांसद अमर सिंह के बेटे को रायकोट से टिकट का इशारा कर गए सिद्धू 

लुधियाना के हलका रायकोट से सांसद अमरजीत सिंह बोपाराय के बेटे कामिल अमर सिंह ही कांग्रेस टिकट पर प्रत्याशी होंगे। गुरुवार को रायकोट पहुंचे सिद्धू ने कामिल का हाथ खड़ा कर उन्हें जिताने की अपील कर दी। उन्होंने साफ कहा कि अब युवाओं का समय है, इसलिए इस हलके में अभी यही नंबर वन चल रहा है। इसलिए ऐसे युवाओं को आगे लाना चाहिए। सिद्धू की इस घोषणा पर अभी पार्टी की मोहर लगनी बाकी है लेकिन रायकोट हलके में टिकट के अन्य दावेदारों में मायूसी साफ झलकने लगी है। 



साल 2017 के विधानसभा चुनाव में हलका रायकोट से डॉ. अमर सिंह कांग्रेस के प्रत्याशी थे, लेकिन आम आदमी पार्टी की टिकट से चुनाव लड़े विधायक जगतार सिंह हिस्सोवाल ने उन्हें शिकस्त दे डाली थी। इसके बाद डॉ. अमर सिंह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीत गए थे। विधायक जगतार सिंह हिस्सोवाल का आम आदमी पार्टी से मनमुटाव हो गया था। वह लंबे समय से पार्टी से दूर हो गए थे। कुछ समय पहले ही वे आम आदमी पार्टी को छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हालांकि विधायक हिस्सोवाल जगरांव एरिया के रहने वाले हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी उन्हें वहां से चुनाव की तैयारी करने के लिए कह चुकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed