{"_id":"685a7c88a2e21cad9a07aeef","slug":"taxi-driver-murdered-in-ludhiana-gurmeet-was-father-of-3-children-2025-06-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"लुधियाना में टैक्सी चालक की हत्या:3 बच्चों का पिता था गुरमीत, कर्ज लेकर बेटे को भेजा था विदेश, शव की तलाश जारी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
लुधियाना में टैक्सी चालक की हत्या:3 बच्चों का पिता था गुरमीत, कर्ज लेकर बेटे को भेजा था विदेश, शव की तलाश जारी
Tue, 24 Jun 2025 03:53 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Tue, 24 Jun 2025 03:53 PM IST
सार
पंजाब के लुधियाना में टैक्सी चालक की हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। टैक्सी चालक गुरमीत सिंह तीन बच्चों का पिता था। उसने अपने बेटे को कर्ज लेकर नौकरी के लिए विदेश भेजा था। गुरमीत सिंह के शव की नहर में तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
टैक्सी चालक गुरमीत सिंह।
- फोटो : संवाद
विस्तार
लुधियाना के हलवारा में टैक्सी चालक गुरमीत सिंह (56) कत्ल कांड के आरोपियों की निशानदेही पर सुधार पुलिस ने अबोहर ब्रांच नहर में उसके शव की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों ने गुरमीत सिंह की हत्या के बाद शव को नहर में फेंका था। गुरमीत सिंह तीन बच्चों का पिता था। इनमें दो बेटियां और एक बेटा है। आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, गुरतेजप्रीत सिंह उर्फ गुरी (दोनों निवासी मोही) और गुरवंत सिंह बंटी निवासी दाखा को सुधार पुलिस ने अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया है।
विज्ञापन
आरोपियों के खिलाफ मृतक गुरमीत सिंह की पत्नी नरिंदर कौर के बयान पर लूट, किडनैपिंग और हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर फिल्लौर के साहिल एंड ग्रुप की अगुवाई में 7 गोताखोरों की टीम ने सुधार गांव से तुगल की तरफ नहर के पानी को दो किलोमीटर तक छान मारा लेकिन गुरमीत का शव नहीं मिला। मंगलवार सुबह 11 बजे से गोताखोर पानी में शव की तलाश कर रहे हैं। तुगल गांव से आगे कुलार गांव में नहर पर बने बिजली ग्रिड के पानी में लोहे का जाल लगा है, अगर गोताखोर कामयाब नहीं हुए तो शव जाल में जाकर फंसा हो सकता है। मौके पर पुलिस की एक टीम भी तैनात की गई है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मिले खून के निशान
सोमवार रात आरोपियों को रूपनगर के नूरपुर बेदी से गिरफ्तार करने के बाद सुधार पुलिस सीधे उस जगह पर ले गई जहां उन्होंने टैक्सी चालक गुरमीत सिंह की हत्या के बाद शव को नहर में फेंका था। घटनास्थल पर खून के निशान मिले हैं, जिसकी जांच फॉरेंसिक और तकनीकी माहिरों द्वारा की जा रही है
विज्ञापन
दुबई से लौट आया बेटा
कुछ समय पहले टैक्सी चालक गुरमीत सिंह ने बेटे साहिल सिंह को कर्जा लेकर नौकरी के लिए दुबई भेजा था। पिता की हत्या की खबर सुन बेटा साहिल सिंह सब छोड़ कर मंगलवार सुबह वापस घर लौट आया है। गुरमीत सिंह की दो बेटियां भी हैं। तीनों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। टैक्सी चलाकर वो अपने परिवार को पाल रहा था। आरोपियों ने चंद रुपये लूटने के लिए गुरमीत सिंह को तेजधार हथियारों से काट मौत के घाट उतार दिया।
लूट के इरादे से आरोपियों ने गुरमीत की कर दी हत्या
थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह का कत्ल करके रुपये और कार लूटने के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने की जगह तलाशने लगे थे। मुल्लांपुर से गांव सुधार पहुंचे। सुधार गांव में नहर के पुल से कच्ची पांधी से होते हुए करीब 100 गज दूर जाकर शव को गहरे पानी में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर दोबारा मुल्लांपुर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान गुरमीत सिंह के ड्राइवर दोस्त रमिंदर सिंह और अन्य ने उनका पीछा किया। आरोपी खून से सनी कार को मोही गांव के अस्पताल के पास खाली प्लॉट में खड़ी करके फरार हो गए, जिसे सुधार पुलिस ने बरामद कर लिया था।