1.11 करोड़ के घोटाले में फिरोजपुर छावनी का कानूनगो बर्खास्त, बीएसएफ ने की थी शिकायत
रेवेन्यू रिकार्ड में छेड़छाड़ कर एक करोड़ ग्यारह लाख आठ हजार 236 रुपये का घोटाला करने वाले कानूनगो बलकार सिंह को बर्खास्त कर दिया है। कानूनगो ने ऐसा कर अपने साले और एक अन्य व्यक्ति को लाभ पहुंचाया है। इस मामले की शिकायत बीएसएफ की 136 बटालियन के अधिकारियों ने की थी। इसके बाद एडीसी ने उक्त मामले की जांच की थी, जिसमें घोटाले का खुलासा हुआ है।
डीसी चंद्र गैंद ने बताया कि कानूनगो बलकार सिंह ने रेवेन्यू रिकार्ड में छेड़छाड़ कर 1 करोड़ 11 लाख 08 हजार 236 रुपये का घोटाला किया था, जो जांच में साबित हो चुका है। फिरोजपुर छावनी हलके के कानूनगो बलकार सिंह को सरकारी नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। कानूनगो किसी दूसरे सरकारी महकमे में भी नौकरी नहीं कर पाएगा।
यह कार्रवाई बीएसएफ की 136 बटालियन द्वारा लिखित शिकायत की जांच के बाद की गई है। ये जांच पहले सदर कानूनगो की तरफ से की गई थी जिसके बाद एडीसी (जनरल) ने दोबारा जांच करके कानूनगो बलकार सिंह को जिम्मेदार बताया है।
जानकारी के अनुसार यह घोटाला तब हुआ, जब कानूनगो बलकार सिंह पटवार सर्किल पल्ला मेघा में बतौर पटवारी तैनात था। रिपोर्ट के मुताबिक इस इलाके में 46 कनाल के करीब जगह की मलकीयत रिकार्ड में छेड़छाड़ करके दूसरे लोगों के नाम कर दी गई। इससे वह लोग इस जमीन के मालिक बन गए, जिनका रिकॉर्ड के मुताबिक जमीन पर कोई मालिकाना हक नहीं था।
इसके बाद इस जमीन के अधिग्रहण का मुआवजा भी इन बाहरी लोगों को दिलाया गया, जिनमें से एक कानूनगो बलकार सिंह का साला है। इससे सरकारी खजाने को भी नुकसान हुआ और ये पेमेंट रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करके बनाए गए फर्जी मालिकों को करवा दी गई।
डीसी ने जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए कानूनगो बलकार सिंह (तत्कालीन पटवारी सर्किल पल्ला मेघा) को धारा 311 (2) (बी) और (3) के मुताबिक डिसमिस किया गया है। डीसी ने एडीसी द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश एसएसपी फिरोजपुर को भेज दी है, जिसमें जल्द कार्रवाई के लिए लिखा गया है।