अबोहर। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ दिल्ली में चल रहा किसान आंदोलन दिनों-दिन तेज होता जा रहा है, लेकिन सरकार किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है, इसके चलते मंगलवार को अबोहर गांव पंजावा में किसान यूनियन सिद्धपुर ने मोबाइल के टावर पर चढ़कर केंद्र सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए और झंडा फहराते हुए एलान किया कि शीघ्र ही किसानी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे टावर को पूरी तरह से बंद कर देंगे।
जानकारी देते हुए किसान गुनवंत सिंह, सनप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, बब्बू सिंह, सुखजिंद्र सिंह, अमर सिंह तथा सुखदेव सिंह व अन्य ने बताया कि कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए पूरे देश के किसान 20 दिन से दिल्ली के चारों ओर डेरा डाले हैं। सरकार बार-बार प्रस्ताव भेजकर किसानों की मांगों को अनदेखा कर रही है। इन बिलों के लागू होने से किसानों की आय नहीं बल्कि कारपोरेट घरानों की आय दोगुनी जरूर हो जाएगी। इसलिए किसान संगठनों ने 14 दिसंबर को डीसी आफिस के आगे धरना देकर अपनी सिम दूसरी कंपनियों में पोर्ट करवाते हुए कारपोरेट घरानों के विरोध का एलान किया था। इसके चलते मंगलवार को गांव पंजावा में किसानों ने मोबाइल टावर पर चढ़कर मुर्दाबाद के नारे लगाए और किसान यूनियन सिद्धपुर का झंडा लगाया गया।