Punjab: जालंधर से अगवा करोड़पति बुजुर्ग NRI की हत्या, मोगा में नहर में फेंका शव, दो गिरफ्तार
75 साल के मोहिंदर सिंह 100 किल्ले जमीन के मालिक थे। वे पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। उनके दोनों बेटे यूके में रहते हैं। पुलिस इस मामले की जांच प्रॉपर्टी से भी जोड़कर कर रही है।
विस्तार
आरोपियों में हरजिंदर सिंह उर्फ लाली और मनजोत सिंह उर्फ जोटा शामिल हैं, जिन्हें नकोदर और अमृतसर से पकड़ा गया। वारदात में इस्तेमाल की गई आल्टो कार भी बरामद कर ली गई है। एसएसपी जालंधर ग्रामीण, हरकमल प्रीत सिंह खख ने बताया कि 14 सितंबर 2024 को मोहिंदर सिंह का अड्डा कंग साहबू के पास शाम लगभग 6:15 बजे उस समय अपहरण किया गया जब वह गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे। आरोपियों ने अपनी आल्टो कार से उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी और जबरन उन्हें कार से बाहर खींचकर अगवा कर लिया। इस संबंध में थाना सदर नकोदर में 15 सितंबर 2024 को एफआईआर नंबर 108 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के लिए एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गवाहों के बयान पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद नकोदर में हरजिंदर सिंह उर्फ लाली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि इस अपराध को लालच और जल्दी पैसा कमाने की मंशा से अंजाम दिया गया था। एनआरआई मोहिंदर सिंह के पास काफी पैसा था और उनको उम्मीद थी कि उसके अपहरण से उनको मोटा पैसा मिलेगा।
आवाज से पहचान लिया था
पुलिस ने दूसरे आरोपी, मनजोत सिंह उर्फ जोटा, को 17 सितंबर 2024 को अमृतसर के तरसिक्का इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने मोहिंदर सिंह का मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया था और अपने फोन दूसरी जगह फेंक दिए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। आरोपियों ने कबूल किया कि मोहिंदर सिंह ने आवाज से मनजोत को पहचान लिया तो आरोपियों ने धारदार हथियार (दातर) से उसकी हत्या कर दी और उसका शव मोगा के बाहरी इलाके में नहर में फेंक दिया।