Punjab: लहरागागा पहुंचे हरियाणा के सीएम नायब सैनी, कहा-मंत्री के दबाव में डीएम का खुदकुशी करना दुर्भाग्यपूर्ण
हरियाणा से सटे लहरागागा विधानसभा क्षेत्र में गांव बनारसी में हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने एक जनसभा को संबोधित किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पंजाब में भ्रष्टाचार की जड़ें पाताल तक जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ता का इतना दबाव है कि एक डीएम को मंत्री की प्रताड़ना के चलते आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। इस मामले की कड़ी जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
शनिवार को हरियाणा से सटे लहरागागा विधानसभा क्षेत्र में गांव बनारसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने पंजाब की तुलना हरियाणा के विकास मॉडल से की। उन्होंने कहा कि पंजाब में मनरेगा में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है और जब जनता अपना हक मांगती है, तो आंदोलन को लाठी के बल पर दबाया जाता है।
हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी, पंजाब पिछड़ा
मुख्यमंत्री ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एक साल में 37 हजार युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी हैं और प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज शुरू कर दिए हैं। पंजाब की सरकार बताए कि उनके हर जिले में मेडिकल कॉलेज कहां हैं?
पेंशन पर भी घेरा
बुजुर्गों के सम्मान का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब में बुजुर्गों की पेंशन 2500 रुपये तक नहीं की गई है, जबकि हरियाणा में इसे बढ़ाकर 3200 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि पंजाब में भी 'कमल' खिलाएं ताकि यहां के लोगों को भी उन तमाम कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके, जिनका लाभ हरियाणा की जनता उठा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार ही पंजाब का कायाकल्प कर सकती है। जनसभा में भाजपा की जिलाध्यक्ष दामन बाजवा, चरणजीत सिंह बराड़, राकेश गिल, रांझा बख्शी आदि मौजूद रहे। इस मौके पर कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।