Bathinda Breaking News: आढ़ती की दुकान से 5 लाख रुपये की लूट, कार सवार युवकों ने हथियारों के बल पर की वारदात
दुकान के नजदीक लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो उसमे लुटेरों की तस्वीर कैद हो गए। सीसीटीवी फुटेज में कार सवार लुटेरे कार पर आते और जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बठिंडा में मौड़ मंडी की अनाज मंडी में स्थित एक आढ़ती की दुकान से शुक्रवार को हथियारों की नोक पर दो लुटेरे पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। फिल्मी स्टाइल में हुई इस लूट को 30 सेकेंड में अंजाम दिया गया। इसके बाद मंडी में सनसनी फैल गई और आढ़तियों ने पुलिस की कारगुजारी पर सवाल उठा लुटेरों को जल्द पकड़ने की मांग की।
वहीं चेतावनी दी कि अगर लुटेरे जल्द गिरफ्तार नहीं किए गए तो मंडी के सभी आढ़ती अपनी दुकानें तब तक नहीं खोलेंगे, जब तक लुटेरे पकड़े नहीं जाते। वहीं घटना के बाद शुक्रवार को भी मंडी के सभी आढ़तियों ने अपनी दुकानें बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मौड़ पुलिस समेत सीआईए स्टाफ की टीमों ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि लुटेरे दो थे, जो आई-20 कार में सवार होकर आए थे। लुटेरों की कार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जबकि एक लुटेरे की दुकान में दाखिल होते समय की फुटेज लेकर पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुक्रवार को सुबह करीब सात बजे बाजार में स्थित आढ़ती बनारसी दास विजय कुमार के मालिक विजय कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे सैर के लिए घर से निकले थे, जबकि घर के नीचे स्थित दुकान में बैठे उसके पिता प्यारा लाल अखबार पढ़ रहे थे।
अभी वह अपनी दुकान से कुछ दूर गए थे कि एक आई-20 कार में दो लुटेरे आ गए। चेहरे पर दोनों ने रुमाल बंधा था। वह दुकान में दाखिल तो दुकान में मौजूद पिता ने दोनों को रोकने की कोशिश की। लुटेरों ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
पिता की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य भी नीचे आ गए लेकिन तब तक लुटेरे आई-20 कार में सवार होकर फरार हो चुके थे। वहीं शोर शराबे की आवाज सुनकर मंडी वासी मौके पर जुटने लगे और आढ़ती एसोसिएशन के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। आढ़ती एसोसिएशन ने मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का एलान कर दिया। इस दौरान डीएसपी मौड़ बलजीत सिंह, एसएचओ दर्शन सिंह, एएसआई ज्ञान सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जांच शुरू कर दी।
वहीं पुलिस ने बाजार के सीसीटीवी की जांच के बाद वारदात में इस्तेमाल कार की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी मौड़ बलजीत सिंह ने बताया कि वे घटना की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आढ़ती के पिता प्यारे लाल को बठिंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। एसएसपी जे इलेनचेलियन का कहना है कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।