{"_id":"67657ee069682ed1a20129bf","slug":"punjab-haryana-hc-ban-on-elections-of-7-wards-of-patiala-municipal-corporation-and-8-wards-of-moga-dharamkot-2024-12-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab MC Election: पटियाला-मोगा के 15 वार्डों में नहीं होंगे चुनाव, हाईकोर्ट की रोक, नामांकन में हुई गड़बड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab MC Election: पटियाला-मोगा के 15 वार्डों में नहीं होंगे चुनाव, हाईकोर्ट की रोक, नामांकन में हुई गड़बड़ी
Fri, 20 Dec 2024 08:00 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Fri, 20 Dec 2024 08:00 PM IST
सार
पंजाब में नगर निकाय चुनाव 21 दिसंबर को होंगे, लेकिन पटियाला के 7 और मोगा के धर्मकोट के 8 वार्डों में चुनाव नहीं होंगे। पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट ने उक्त वार्डों के चुनाव को टाल दिया है।
विज्ञापन
पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
पंजाब में शनिवार को निकाय चुनावों के लिए मतदान होगा। इससे ठीक पहले शुक्रवार को पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट ने पटियाला और मोगा के कुल 15 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए चुनाव को स्थगित कर दिया है। पटियाला और मोगा के धर्मकोट में नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुई गड़बड़ियों के मामले में पंजाब सरकार ने पटियाला के 7 और धर्मकोट के 8 वार्ड में चुनाव टालने का निर्णय लिया है। यह जानकारी पंजाब के एडवोकेट जनरल ने अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान दी है।
विज्ञापन
हाई कोर्ट में पटियाला चुनाव को लेकर अवमानना याचिका दाखिल की गई थी। कोर्ट को बताया गया कि चुनाव के लिए नामांकन भरने से याची को रोक दिया गया और कागज फाड़ दिए गए। कोर्ट में इसका वीडियो भी पेश किया गया था, जहां एसएसपी मौजूद दिखे थे। वीरवार को पंजाब के डीजीपी और चीफ सेक्रेटरी को हाई कोर्ट ने तलब कर लिया था।
विज्ञापन
हाई कोर्ट ने पूछा था कि कब तक कार्रवाई होगी। हाई कोर्ट ने कहा कि था अगर ऐसे ही होना है तो चुनाव करवाने की क्या जरूरत है। इस दौरान हाई कोर्ट ने पंजाब के एडवोकेट जनरल को वीडियो दिखाते हुए कहा था कि देखो क्या हो रहा है, बाघा पुराना और धर्मकोट में भी विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को नामांकन भरने नहीं दिया गया। एसएसपी और पुलिस की मौजूदगी में ऐसा हो रहा है तो बड़े ही दुर्भाग्य की बात है, क्या सरकार संविधान ओर कानून से भी ऊपर हो गई है।
विज्ञापन
शुक्रवार को जैसे ही सुनवाई शुरू हुई तो हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से पूछा कि सरकार ने क्या कार्रवाई की है। इसपर हाईकोर्ट को बताया गया कि मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त वीडियो में दिख रहे अधिकारियों के खिलाफ भी जांच की जा रही है। कोर्ट को बताया गया कि पटियाला के वार्ड संख्या 1, 32, 33, 36,41 48 व 50 का चुनाव टाल दिया गया है। वहीं धर्मकोट के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 ,9 , 10, 11 व 13 का चुनाव टाल दिया गया है। कोर्ट को विश्वास दिला गया कि जो लोग वीडियो में दिखाई दे रहे हैं, सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।