{"_id":"6af525c560bfd3a50707c26b","slug":"punjab-cleanest-city-sri-anandpur-sahib-receives-award-in-cleanliness-survey-chandigarh-ranks-second-2026-11-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर: श्री आनंदपुर साहिब को मिला पुरस्कार, हरजोत बैंस बोले-जन आंदोलन से हुआ संभव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर: श्री आनंदपुर साहिब को मिला पुरस्कार, हरजोत बैंस बोले-जन आंदोलन से हुआ संभव
Thu, 12 Nov 2026 08:10 AM IST
Nivedita
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: Nivedita
Updated Thu, 12 Nov 2026 08:10 AM IST
सार
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि देशभर के 63 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहर के हर निवासी, सफाई कर्मचारी और पार्षद का है जिन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन में बदला।
विज्ञापन
राष्ट्रपति से पुरस्कार लेते मंत्री हरजोत बैंस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ ने अपनी अलग पहचान कायम की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है जबकि 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में चंडीगढ़ ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
विज्ञापन
इस श्रेणी में मध्य प्रदेश का उज्जैन पहले स्थान पर रहा। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस और चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी व कमिश्नर अमित कुमार को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि देशभर के 63 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहर के हर निवासी, सफाई कर्मचारी और पार्षद का है जिन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन में बदला। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के कारण श्री आनंदपुर साहिब में देश-विदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री और पर्यटक आते हैं। ऐसे में यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है।
विज्ञापन
बैंस के अनुसार, शहर में सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के इलाकों की सफाई को प्राथमिकता दी गई। लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने इस पुरस्कार को गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहादत दिवस के दौरान की गई सेवा का फल बताया।
इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 50 हजार से तीन लाख आबादी वाले मध्यम शहरों की श्रेणी में बठिंडा ने राष्ट्रीय स्तर पर 51वां स्थान हासिल किया था और पंजाब में पहले स्थान पर रहा था। इसी श्रेणी में गोबिंदगढ़ राज्य में दूसरे और राष्ट्रीय स्तर पर 61वें स्थान पर रहा था।
लगातार दूसरी बार चंडीगढ़ देश में दूसरे स्थान पर
चंडीगढ़ ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भी 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में नोएडा के बाद चंडीगढ़ दूसरे स्थान पर रहा था। इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भी शहर दूसरा स्थान ही हासिल कर सका। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापट्टनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहे। देश की प्रमुख ओवरऑल स्वच्छ शहर श्रेणी में नवी मुंबई ने पहला, सूरत ने दूसरा और विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
4751 शहरों ने लिया हिस्सा, 43 मानकों पर हुआ मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देशभर के 4751 शहरों ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ को पिछली बार 111 शहरों के बीच दूसरा स्थान मिला था। इस बार 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की प्रतिस्पर्धा में शहरों की संख्या इससे भी कम थी। सर्वेक्षण की थीम स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ रखी गई थी। इसमें देशभर के शहरों का मूल्यांकन 43 मानकों के आधार पर किया गया।